रेलवे और एनडीआरएफ की संयुक्त एक्सरसाइज में परखी गई आपदा प्रबंधन की तैयारियां, 20 मिनट में पहुंचा राहत-बचाव दल
भिलाई, मरोदा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब यात्री ट्रेन में आईईडी विस्फोट होने और एक बोगी के पटरी से उतरकर पलटने की सूचना मिली। घटना की खबर मिलते ही रेलवे प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन की टीमें हरकत में आ गईं। हालांकि, कुछ ही देर में स्पष्ट हो गया कि यह कोई वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव व्यवस्था की तत्परता जांचने के लिए आयोजित संयुक्त अभ्यास था।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की ओर से दुर्ग-रावघाट रेलमार्ग पर मरोदा स्टेशन यार्ड के समीप इस संयुक्त एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि ट्रेन में विस्फोट के कारण एक बोगी पलट गई है। सूचना मिलते ही एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन, मेडिकल वैन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भिलाई इस्पात संयंत्र का दमकल वाहन और डायल-108 की एंबुलेंस को रवाना किया गया। सभी बचाव दल करीब 20 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए।

आधुनिक उपकरणों से किया गया यात्रियों को निकालने का अभ्यास
घटनास्थल पर पहुंचते ही राहत एवं बचाव दलों ने मोर्चा संभाल लिया। अभ्यास के तहत दुर्घटनाग्रस्त बोगी में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। बचाव कर्मियों ने आधुनिक कटर मशीनों की मदद से बोगी की धातु की चादरों को काटकर अंदर फंसे 20 से 25 डमी शवों को बाहर निकाला। वहीं, घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
संयुक्त अभ्यास के दौरान रायपुर रेल मंडल के एडीआरएम बजरंग अग्रवाल, सीनियर डीसीएम विपुल सुस्कर, सीनियर डीईई प्रतीक मिश्रा और विवेक पटेल सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवानों की भी तैनाती की गई थी।
आपदा से निपटने के लिए एजेंसियों में समन्वय जरूरी : सुस्कर

मीडिया से चर्चा करते हुए रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम विपुल सुस्कर ने कहा कि मरोदा स्टेशन पर आयोजित इस अभ्यास को मॉक ड्रिल के बजाय ज्वाइंट एक्सरसाइज कहना ज्यादा उचित होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी बचाव कार्य के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय जरूरी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह के अभ्यास आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे के पास अत्याधुनिक एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल वैन उपलब्ध है, जिसका इस्तेमाल दुर्घटना के समय घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में किया जाता है।
सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
एनडीआरएफ की थर्ड बटालियन के इंस्पेक्टर अबीर साहू ने बताया कि उनकी टीम भिलाई पावर हाउस स्टेशन के समीप कैंप कर रही थी। मरोदा स्टेशन के पास आपात स्थिति की सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना होकर बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान एसडीआरएफ दुर्ग के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि इस तरह के अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय बचाव दलों की कार्यक्षमता और आपसी तालमेल को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
Link : https://shricgnewscreator.com/panic-ensues-following-reports-of-a-train-derailment-and-an-ied-blast-near-maroda-station/








