यातायात पुलिस ने नौ माह में 2,332 जागरूकता कार्यक्रम किए, स्कूल-कॉलेजों से लेकर चौक-चौराहों तक चलाया अभियान
दुर्ग, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा वर्ष 2026 में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष के पिछले नौ माह में यातायात पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 2,332 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 1,60,652 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार जागरूकता अभियान को केवल कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य है कि लोग नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वेच्छा से करें।
स्कूल-कॉलेजों में विशेष कक्षाएं
अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष ट्रैफिक रूल्स क्लास आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को सड़क पार करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात संकेतों तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भागीदारी से जागरूकता रैली और हेलमेट रैली भी आयोजित की गई।
नुक्कड़ नाटक से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
यातायात नियमों को सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटकों का भी सहारा लिया जा रहा है। इनके माध्यम से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया जा रहा है।
चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को समझाइश
यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को प्रत्यक्ष रूप से समझाइश देकर नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वाहन चालकों को तेज गति से वाहन नहीं चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की जा रही है।
यातायात के साथ साइबर सुरक्षा की भी जानकारी
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए यातायात जागरूकता कार्यक्रमों के साथ साइबर जागरूकता को भी जोड़ा गया है। इन कार्यक्रमों में नागरिकों को सड़क सुरक्षा के साथ ही ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी जा रही है।
‘जागरूक नागरिक-सुरक्षित यातायात’ पर जोर
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस द्वारा आगे भी इसी तरह लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि यातायात नियमों के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
Link : https://shricgnewscreator.com/over-1-60-lakh-people-made-aware-of-traffic-rules/













