यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल के पैर में बांधी पट्टी, 112 वाहन से अस्पताल भेजा
भिलाई, दवा का सेवन करने के बाद वाहन चलाना एक मोटरसाइकिल चालक को भारी पड़ गया। मंगलवार दोपहर फॉरेस्ट वेन्यू और जवाहर उद्यान चौक के पास बाइक चलाते समय अचानक झपकी आने से वह सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके पैर में चोट आई। घटना के समय यातायात पुलिस की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग करते हुए यातायात व्यवस्था का जायजा ले रही थी। पुलिस जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल की मदद की और प्राथमिक उपचार देने के बाद 112 वाहन की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार 15 सितंबर की दोपहर यातायात पुलिस सिविक सेंटर जोन प्रभारी निरीक्षक पीडी चंद्रा हमराह आरक्षक दिव्य देव राजदूत और विनीत तिवारी के साथ फॉरेस्ट वेन्यू, जवाहर उद्यान चौक के पास यातायात व्यवस्था के लिए पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक मोटरसाइकिल चालक को सड़क पर गिरा हुआ देखा।
बताया गया कि मोटरसाइकिल चालक ने कुछ समय पहले दवा का सेवन किया था। इसके बाद वह वाहन चलाते हुए जा रहा था। रास्ते में अचानक उसे झपकी आ गई और उसका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके पैर में चोट लग गई।
पुलिस ने मौके पर दी प्राथमिक सहायता
घटना की जानकारी मिलते ही यातायात पुलिस की टीम तत्काल घायल के पास पहुंची। जवानों ने स्थिति को देखते हुए पहले उसे संभाला और उसके पैर में पट्टी बांधकर प्राथमिक सहायता दी। इसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए 112 वाहन को मौके पर बुलाया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया।
यातायात पुलिस की तत्परता के कारण घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की भी मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
दवा के बाद वाहन चलाने से बचें
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि किसी भी दवा के सेवन के बाद यदि नींद, चक्कर, कमजोरी या सुस्ती महसूस हो रही हो तो वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में वाहन चलाने से चालक का नियंत्रण प्रभावित हो सकता है और सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित यात्रा के लिए वाहन चलाते समय पूरी तरह सतर्क और सावधान रहे।













