दुर्ग, साइबर अपराधों से बचाव और आम नागरिकों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत गुरुवार को जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिले के 159 उद्यान, पार्क एवं मैदानों में पहुंचकर मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों सहित विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक समूहों से सीधे संवाद किया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार दुर्ग जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस का प्रयास है कि साइबर अपराध से संबंधित जरूरी जानकारी केवल थानों और पुलिस कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों के पार्कों और मैदानों में पहुंचकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

संदिग्ध लिंक और कॉल से सावधान रहने की सलाह
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक पर भरोसा नहीं करने की समझाइश दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
इसके साथ ही सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन भुगतान करते समय सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में जानकारी दी गई। वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक समूहों को विशेष रूप से साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

अधिकारी-कर्मचारियों ने संभाली जिम्मेदारी
अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए दुर्ग जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों तथा विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की। पुलिस टीमों ने निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों से बातचीत की और उनकी साइबर सुरक्षा संबंधी शंकाओं का समाधान किया।
दुर्ग पुलिस के इस जनसंपर्क अभियान के दौरान नागरिकों और विभिन्न समूहों ने पुलिस की पहल का स्वागत किया। लोगों ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस का धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
दुर्ग पुलिस ने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा परिचितों को भी जागरूक करें। किसी अनजान व्यक्ति को OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी न दें। संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी का मामला सामने आने पर बिना देर किए पुलिस को सूचना दें।
Link : https://shricgnewscreator.com/as-part-of-the-cyber-awareness-campaign-durg-police-visited-159-parks-and-grounds-to-educate-morning-walkers-on-ways-to-avoid-cyber-fraud/













