चरोदा-भिलाई 3 के स्कूलों में एचपीवी टीकाकरण शुरू, 38 बालिकाओं को लगा टीका

Editor
By Editor 3 Min Read

सर्वाइकल सहित विभिन्न कैंसर से बचाव में अहम है एचपीवी वैक्सीन, माइक्रो प्लान के अनुसार स्कूलों में चलाया जा रहा अभियान

भिलाई-3, जिला दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में चरोदा-भिलाई-3 शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार से स्कूलों में माइक्रो प्लान के अनुसार एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाया जा रहा है।

बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन एक सुरक्षात्मक टीका है, जो महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर सहित एचपीवी संक्रमण से जुड़े अन्य कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि संक्रमण से पहले, विशेषकर विवाह से पूर्व, निर्धारित आयु में यह टीका लगवाना अधिक प्रभावी माना जाता है।

विभिन्न स्कूलों में हुआ टीकाकरण

अभियान के पहले चरण में ज्योति स्कूल चरोदा में 17 बालिकाओं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरसा कला में 11 बालिकाओं, कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में 7 बालिकाओं तथा उच्चतर माध्यमिक शाला देवबलोदा में 3 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। इस प्रकार कुल 38 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाया गया।

कई प्रकार के कैंसर से बचाव में उपयोगी

मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि एचपीवी संक्रमण जननांगों में मस्से जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है। एचपीवी वैक्सीन संक्रमण से संबंधित गंभीर बीमारियों और कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण है।

शहरी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया ने बताया कि एचपीवी के विभिन्न प्रकार के संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के साथ-साथ गुदा कैंसर, जननांगों के विभिन्न कैंसर और गले के कैंसर से भी जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में किशोरावस्था में पात्र बालिकाओं का टीकाकरण भविष्य में इन गंभीर बीमारियों से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की टीम रही मौजूद

टीकाकरण कार्यक्रम में सिटी प्रोग्राम मैनेजर विवेक मिंज, एलएचवी आर. विश्वास सहित वैक्सीनेटर  वर्षा पांडेय, संध्या वर्मा, उषा वर्मा, प्रभात यादव एवं  देवेंद्र राजपूत कुशवाहा, पारुल देशमुख और नेतराम साहू ने अपनी सेवाएं दीं।

शिक्षा विभाग की ओर से प्राचार्य अनुप कुमार वर्मा, जौनी मैरी, एस एन कुशवाहा और नीता जैन उपस्थित रहे। एमएमयू से मुकेश चंद्राकर एवं उनकी टीम के साथ मितानिनों तथा नोडल शिक्षकों ने भी टीकाकरण अभियान में सहयोग किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि माइक्रो प्लान के अनुसार स्कूलों में अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि पात्र बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराया जा सके और किशोरियों को भविष्य में एचपीवी से संबंधित गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।

Link : https://shricgnewscreator.com/hpv-vaccination-drive-begins-in-charoda-bhilai-3-schools-38-girls-vaccinated/

Share This Article