महापौर निर्मल कोसरे की मौजूदगी में पारदर्शी प्रक्रिया; एक माह में शेष राशि जमा करने के बाद मिलेगा कब्जा
भिलाई, किराये के मकानों में रह रहे जरूरतमंद परिवारों के लिए सोमवार को भिलाई-चरौदा नगर निगम ने एक बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री आवास योजना (मोर मकान-मोर आस) के तहत वार्ड क्रमांक 06 उमदा क्षेत्र में निर्मित एएचपी आवासों का आबंटन लॉटरी पद्धति से किया गया। इस प्रक्रिया में 87 आवासों में से 23 हितग्राहियों को उनके सपनों का घर आवंटित किया गया।
नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर निर्मल कोसरे के समक्ष पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। लॉटरी के माध्यम से यह निर्धारित किया गया कि चयनित हितग्राहियों को कौन-कौन से मकान आवंटित होंगे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, एमआईसी सदस्य ईश्वर साहू, पार्षद श्रीमती प्रेमलता चंद्राकर सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

उमदा क्षेत्र में लक्ष्मी मैरिज पैलेस जाने वाले मार्ग पर तालाब किनारे निर्मित एएचपी परियोजना के तहत प्रत्येक आवास की कीमत 3 लाख 24 हजार 600 रुपये निर्धारित की गई है। चयनित हितग्राहियों द्वारा पूर्व में 10 प्रतिशत राशि निगम कोष में जमा कर दी गई थी। अब लॉटरी के बाद शेष 2 लाख 92 हजार 140 रुपये एक माह के भीतर जमा करना होगा।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में शेष राशि जमा करने के बाद ही हितग्राहियों को विधिवत आवास का आधिपत्य प्रदान किया जाएगा। इस पहल से शहर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि नगर निगम जरूरतमंदों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और आगे भी इस तरह की योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा।


