भिलाई, आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) औंधी एवं शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय औंधी द्वारा आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य एवं योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को कबीर भवन मंच, औंधी (विकासखंड पाटन) में किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत औंधी के सरपंच परदेशी राम देशलहरे के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

यह शिविर 17 जून से 21 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन संचालनालय आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी दुर्ग डॉ. दिनेश चन्द्रवंशी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
शिविर के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी गई। साथ ही औषधीय पौधों के महत्व, मिलेट्स (श्रीअन्न) के उपयोग, पौष्टिक आहार एवं आयुर्वेदिक स्वास्थ्य पद्धतियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

शिविर प्रभारी डॉ. अनुपमा नायक ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योगाभ्यास करने तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग एवं आयुर्वेद के समन्वय से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को स्वास्थ्यवर्धक औषधीय पेय का वितरण भी किया गया। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को योग एवं आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निरोग जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
शिविर के पहले दिन महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

आयुष विभाग के अधिकारियों एवं आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे शेष दिनों में भी अपने परिवार सहित शिविर में शामिल होकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। योग प्रशिक्षक कुमारी राधिका यादव द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है ।वही शिविर में लक्ष्मण प्रसाद यादव द्वारा गुड चना का वितरण किया गया।






