सिंधी समाज की कुर्बानियों और समर्पण की गाथा ने किया भावविभोर, ब्रह्माकुमारी संस्थान का आयोजन
भिलाई, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा ज्ञान सूर्या भवन, हाउसिंग बोर्ड भिलाई में संस्थापक दादा लेखराज कृपलानी के जीवन पर आधारित फिल्म “भाग्यविधाता” का निशुल्क प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर भिलाई के सिंधी समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों को स्नेहिल आमंत्रण दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुषों की उपस्थिति रही।
यह आयोजन 17 अप्रैल 2026, गुरुवार को शाम 6 बजे से 9 बजे तक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में आदर्श सिंध ब्रादर मंडल एवं साईं झुलेलाल महिला मंडली के सदस्य विशेष रूप से शामिल हुए। फिल्म का निर्माण अवेकनिंग टीवी द्वारा किया गया है, जिसमें आध्यात्मिक जीवन, परमात्मा प्राप्ति के मार्ग और समाज सेवा की प्रेरणादायक कहानी को दर्शाया गया।

फिल्म में दादा लेखराज कृपलानी (ब्रह्मा बाबा) के 1936 से 18 जनवरी 1969 तक के आध्यात्मिक सफर को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसमें उनके जीवन के संघर्ष—आर्थिक, मानसिक और सामाजिक विरोध—के बावजूद आध्यात्मिक ज्ञान के प्रसार हेतु उनके अटूट संकल्प को दर्शाया गया। साथ ही सिंधी समाज द्वारा दी गई कुर्बानियों का भी मार्मिक चित्रण किया गया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मा बाबा, मम्मा एवं ब्रह्माकुमारी दादी रतन मोहिनी के यज्ञ इतिहास को भी फिल्म के माध्यम से सामने लाया गया। दर्शकों ने फिल्म के माध्यम से आध्यात्मिकता और मानव जीवन के उद्देश्य को समझने का प्रयास किया।
संस्थान की संचालिका बीके वर्षा, बीके मनीषा एवं बीके स्वाती दीदी ने बताया कि फिल्म प्रदर्शन का उद्देश्य आधुनिकता की अंधी दौड़ में अपनी संस्कृति और संस्कारों से दूर हो रहे समाज, विशेषकर नई पीढ़ी को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक लक्ष्य प्रभु प्राप्ति है, जिसे आत्मिक ज्ञान के माध्यम से ही पाया जा सकता है।

इस अवसर पर आदर्श सिंध ब्रादर मंडल के उपाध्यक्ष सुभाष भगत, सलाहकार राजकुमार पिनयानी, सांस्कृतिक सचिव हरीश लालवानी, महासचिव अनिल थारवानी, महिला मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी नागदेव, भारतीय सिंधु सभा भिलाई इकाई अध्यक्ष सुरेश नागदेव सहित पिंकी थारानी, माया रोहरा, कंचन वीरवानी, आरती नागदेव, सरिता थारानी, पूनम साहनी, निकिता लालवानी, कमला भगत, अलका थारवानी, भूमि बजाज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


