चैतन्य बघेल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं को दी गई संगठन मजबूती की जिम्मेदारी, ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर
पाटन, पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम असोगा एवं कौहि में शनिवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा पंचायत एवं बूथ स्तर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री के सुपुत्र चैतन्य बघेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला एवं ब्लॉक स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में राकेश ठाकुर, आशीष वर्मा, राम सूर्यवंशी (प्रभारी जामगांव आर), राजेश ठाकुर सहित राहुल वर्मा, ऋषि साहू, प्रेम तिवारी, भास्कर एवं अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए चैतन्य बघेल ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर होता है। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर आम जनता से संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की रीढ़ उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने और क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने की अपील की।

बैठक के दौरान पंचायत एवं बूथ स्तर पर संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में पार्षद भारती राम सूर्यवंशी सहित समस्त कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


