जामुल में सुशासन तिहार-2026 का प्रथम चरण संपन्न, 88 आवेदनों में 6 का मौके पर निराकरण

Editor
By Editor 3 Min Read

लक्ष्मीपारा हाई स्कूल परिसर में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, लर्निंग लाइसेंस, आधार अपडेट और आयुष्मान कार्ड जैसी सेवाएं भी दी गईं

भिलाई, नगर पालिका परिषद जामुल द्वारा सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत प्रथम चरण का जनसमस्या निवारण शिविर 08 मई को शासकीय हाई स्कूल लक्ष्मीपारा जामुल परिसर स्थित डोम शेड में आयोजित किया गया। शिविर में वार्ड क्रमांक 01, 02, 03, 04 एवं 06 के नागरिकों से मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन प्राप्त किए गए।

शिविर में कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 64 आवेदन मांग संबंधी तथा 24 आवेदन शिकायत संबंधी थे। प्राप्त आवेदनों में से 06 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को विभागवार परीक्षण कर त्वरित निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।

जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 74 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परिवहन विभाग (आरटीओ) द्वारा 50 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। वहीं 20 लोगों का आधार अपडेट किया गया तथा 03 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 02 पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा भी प्रदान की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी संपन्न कराई गई, जिससे शिविर का माहौल सामाजिक सरोकारों से जुड़ा नजर आया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेश सिंह राजपूत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रमाकांत साहू, नायब तहसीलदार कुंदन शर्मा सहित पार्षद खम्हन ठाकुर, कविता विश्वाल, दीपक गुप्ता, सबीहा करीम खान, सरोजनी चन्द्राकर, संजय देशलहरे, नोडल अधिकारी सचिन भागवत, सहायक नोडल अधिकारी हरीश साहू तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

द्वितीय चरण का शिविर 14 मई को वार्ड-09 में

मुख्य नगर पालिका अधिकारी रमाकांत साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन तिहार-2026 के द्वितीय चरण का जनसमस्या निवारण शिविर 14 मई, गुरुवार को शासकीय प्राथमिक शाला रावण भाठा, जामुल वार्ड क्रमांक 09 में आयोजित किया जाएगा। शिविर में वार्ड क्रमांक 05, 07, 09 एवं 10 के नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों का निराकरण किया जाएगा।

Share This Article