संयुक्त अभियान में सड़क से हटे अतिक्रमण, सुपेला चौक का होर्डिंग भी हटाया

Editor
By Editor 3 Min Read

यातायात पुलिस, नगर निगम और पुलिस थानों की संयुक्त कार्रवाई, अवैध पार्किंग व सड़क पर विचरण कर रहे गौवंश को हटाकर यातायात किया सुगम

भिलाई, शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग ने नगर निगम भिलाई तथा थाना सुपेला, छावनी, स्मृति नगर चौकी, कोतवाली और मोहन नगर पुलिस के साथ मंगलवार को प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए, अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया तथा सुपेला चौक पर यातायात में बाधा बन रहे होर्डिंग को भी हटाया गया।

यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सुपेला चौक, पावर हाउस चौक, घड़ी चौक, नेहरू नगर, ग्रीन चौक, पटेल चौक, इंदिरा मार्केट, सूर्या मॉल चौक सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले ठेले, अस्थायी कब्जे और अन्य अवरोधों को हटाया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को भी हटाकर यातायात को सुचारु किया गया।

अभियान के दौरान सुपेला चौक पर स्थापित एक बड़ा होर्डिंग, जो यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहा था, उसे भी हटाया गया। इसके साथ ही सड़क पर विचरण कर रहे गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और वाहन चालकों को निर्बाध आवागमन मिल सके।

संयुक्त टीम ने दुकानदारों, ठेला संचालकों, वाहन चालकों और अन्य लोगों को समझाइश देते हुए भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि शहर में सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Link : https://shricgnewscreator.com/encroachments-cleared-from-the-road-during-a-joint-drive-hoarding-at-supela-chowk-also-removed/

Share This Article