बिजली खपत में 25 फीसदी कमी, एम. ऊर्जा योजना से छह लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग, दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ताओं ने जुलाई माह में बिजली की खपत में उल्लेखनीय कमी दर्ज की है। इसका लाभ अब राज्य सरकार की एम. ऊर्जा (मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान) योजना के तहत छह लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अनुसार तीनों जिलों के करीब 94 प्रतिशत स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ता 400 यूनिट तक बिजली खपत की श्रेणी में आ गए हैं।

सीएसपीडीसीएल द्वारा जून और जुलाई 2026 के बिजली उपभोग का तुलनात्मक अध्ययन किया गया। इसके अनुसार जुलाई में कुल बिजली खपत 108.96 मिलियन यूनिट (एमयू) रही, जबकि जून में यह 145.31 एमयू थी। इस प्रकार एक माह में बिजली खपत में 25.02 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

दुर्ग क्षेत्र में कुल 6,43,112 स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ता हैं। जून में 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 5,54,115 थी, जो जुलाई में बढ़कर 6,02,188 हो गई। यानी इस श्रेणी में 8.68 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं 400 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 88,997 से घटकर 40,924 रह गई, जो 54.02 प्रतिशत की कमी दर्शाती है। इस वर्ग की बिजली खपत भी 65.36 मिलियन यूनिट से घटकर 32.31 मिलियन यूनिट हो गई।

सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि बिजली खपत में कमी के दो प्रमुख कारण हैं। पहला, मानसून के दौरान कूलर और एयर कंडीशनर जैसे उपकरणों के उपयोग में स्वाभाविक कमी आना और दूसरा, एम. ऊर्जा योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं द्वारा अपनी बिजली खपत को नियोजित ढंग से सीमित करना। उन्होंने स्पष्ट किया कि जून माह में मानसून की देरी और भीषण गर्मी के कारण पंखे, कूलर और एसी का उपयोग बढ़ गया था, जिससे बिजली की मांग और बिल दोनों बढ़े। उन्होंने कहा कि अधिक बिल आने के लिए स्मार्ट मीटर जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि यह बढ़ी हुई बिजली खपत का परिणाम है।

Link : https://shricgnewscreator.com/25-reduction-in-electricity-consumption-over-six-lakh-consumers-to-benefit-from-the-m-urja-scheme/

Share This Article