अभिभावकों की काउंसिलिंग कर भरवाए गए वचन पत्र, स्कूलों को बिना लाइसेंस वाहन लेकर आने वाले विद्यार्थियों पर रोक लगाने के निर्देश
भिलाई/दुर्ग, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नाबालिगों द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग का विशेष अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को चलाए गए अभियान में 22 नाबालिग वाहन चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों में कुल 89 नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।

यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूलों के आसपास और व्यस्त मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के बाद सभी नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6, भिलाई में आयोजित विशेष बैठक में बुलाकर काउंसिलिंग की गई।
बैठक में अधिकारियों ने अभिभावकों को बताया कि कम उम्र के बच्चों में सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक अनुभव, मानसिक परिपक्वता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित नहीं होती। ऐसे में उनकी छोटी-सी लापरवाही स्वयं उनके साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। अधिकारियों ने मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि नाबालिग के वाहन चलाने की स्थिति में वाहन स्वामी और अभिभावक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

वचन पत्र भरवाकर लिया सुरक्षा का संकल्प
काउंसिलिंग के दौरान सभी अभिभावकों से वचन पत्र भरवाया गया। इसमें उन्होंने यह संकल्प लिया कि जब तक उनके बच्चे वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त नहीं कर लेते, तब तक उन्हें किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति नहीं देंगे। साथ ही बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का भी भरोसा दिया।
स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान
प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने विभिन्न विद्यालयों में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया। मानसरोवर स्कूल जंजगीरी, शारदा विद्यालय रिसाली, केपीएस दुर्ग, स्वामी आत्मानंद स्कूल फरीद नगर सहित अन्य स्कूलों में विद्यार्थियों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन को भी निर्देश दिए गए कि यदि कोई छात्र-छात्रा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन लेकर स्कूल आता है तो उसे तत्काल रोका जाए, अभिभावकों को सूचित किया जाए तथा ऐसे विद्यार्थियों को वाहन से विद्यालय आने से प्रतिबंधित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
अभिभावकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस उन्हें वाहन उपलब्ध न कराएं। पुलिस का कहना है कि अभिभावकों की छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से पालन करे।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
Link : https://shricgnewscreator.com/crackdown-on-underage-drivers-in-durg-continues-for-the-third-day-22-more-caught-action-taken-against-89-over-three-days/








