पदुम नगर वार्ड 19 में चला स्वच्छता अभियान, पार्षद व वार्डवासियों ने मिलकर की साफ-सफाई

Editor
By Editor 3 Min Read

दुकानदारों से दुकान के सामने डस्टबिन रखने की अपील, नियमित कचरा संग्रहण और सफाई को लेकर निगम अधिकारियों से चर्चा

भिलाई, गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भिलाई-चरौदा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 19 पदुम नगर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में पार्षद मनीष वर्मा के नेतृत्व में वार्डवासियों ने पदुम नगर गेट से पंचमुखी हनुमान मंदिर तक सड़क पर झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास का क्षेत्र साफ रखने का संदेश दिया गया।

स्वच्छता अभियान के दौरान पार्षद एवं वार्डवासियों ने आसपास के दुकानदारों से भी चर्चा की। दुकानदारों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखें, ताकि दुकान से निकलने वाला कचरा या ग्राहकों द्वारा फेंका जाने वाला कचरा सड़क और आसपास के स्थानों पर जमा न हो। लोगों से भी अपील की गई कि वे घर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।

कचरा संग्रहण की समस्या रखी सामने

अभियान के दौरान वार्ड के कुछ लोगों ने पार्षद मनीष वर्मा को बताया कि कई घरों में कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ी प्रतिदिन नहीं पहुंचती है। इसके कारण लोगों को घर का कचरा बाहर फेंकने में परेशानी होती है और कई स्थानों पर कचरा जमा होने की स्थिति बन जाती है।

इस पर पार्षद मनीष वर्मा ने नगर निगम के स्वच्छता अधिकारी बिनू वर्मा एवं सुपरवाइजर साहू से चर्चा की। उन्होंने वार्ड के सभी घरों से नियमित रूप से कचरा संग्रहण कराने तथा वार्ड की सभी सड़कों पर नियमित झाड़ू लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।

स्वच्छता अधिकारी बिनू वर्मा ने पदुम नगर के सभी क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए आवश्यक सहयोग करने का आश्वासन दिया। पार्षद ने कहा कि स्वच्छ वार्ड बनाने के लिए केवल निगम की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से घर का कचरा निर्धारित स्थान पर देने और सार्वजनिक जगहों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की।

गंदगी फैलाने वालों की करें शिकायत

अभियान के दौरान लोगों से कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर जानबूझकर गंदगी फैलाता है तो इसकी सूचना संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को दी जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही नागरिकों से अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

स्वच्छता अभियान में दुलारी वर्मा, संजय शर्मा, सरिता सिंह, माला मेश्राम, मनोज तिवारी, पी. संतोष, कल्पना खोबरागड़े, मुरलीधर चंदवानी, नीतेश कुमार सिंह, आशीष चौधरी, ममता रनौरे, योगिता सोनी, धनेश्वरी, पूर्णिमा, पूनम सिंह, दीपक ढोले सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Link : https://shricgnewscreator.com/cleanliness-drive-held-in-padum-nagar-ward-19-councilor-and-residents-joined-hands-to-clean-the-area/

Share This Article