राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर भिलाई निगम की जागरूकता रैली, श्रमिक बस्तियों में लोगों को बताए बचाव के उपाय

Editor
By Editor 3 Min Read

“जांच करें, साफ करें, ढकें” थीम पर चला अभियान; कूलर, टंकी और कबाड़ में जमा पानी हटाने की दी गई सलाह

भिलाई नगर, राष्ट्रीय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत भिलाई नगर निगम द्वारा शुक्रवार 16 मई 2026 को “राष्ट्रीय डेंगू दिवस” मनाया गया। शासन की मंशानुसार इस वर्ष की थीम “जांच करें, साफ करें, ढकें एवं डेंगू को हराने का उपाय करें” को केंद्र में रखकर निगम क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

निगम आयुक्त के आदेश एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर विभिन्न जोनों में रैली निकालकर लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपाय बताए गए। जोन-1 के कोसानगर स्थित रैशने आवास श्रमिक बस्ती, जोन-2 के वार्ड-23 घासीदास नगर सघन बस्ती तथा जोन-4 के वार्ड-40 मंगल बाजार छावनी श्रमिक बस्ती में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान डेंगू रोधी नारों के साथ रैली निकालकर नागरिकों को स्वच्छता अपनाने तथा “डेंगू मुक्त शहर” बनाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में पार्षद, मितानिन, महिला स्व सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को समझाया कि मानसून पूर्व और मानसून के दौरान डेंगू से बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है। घरों में कूलर, पानी की टंकी, ड्रम, कंटेनर एवं अन्य जल संग्रहण पात्रों की सप्ताह में कम से कम एक दिन जांच कर उन्हें साफ एवं सुखाने के बाद ही उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही पानी के बर्तनों को ढंककर रखने, नालियों में जमा पानी में जला ऑयल डालने तथा घरों और बाड़ियों में पड़े अनुपयोगी कबाड़ जैसे पुराने टायर, ट्यूब, टूटे बर्तन और डिस्पोजल सामग्री को वर्षा पूर्व हटाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में सर्वेलेंस विशेष दस्ता से के.के. सिंह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। जिला मलेरिया विभाग से मोहन राव एवं उमेश कपूर ने भी सहभागिता निभाई। वहीं जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह और अतुल यादव ने अभियान का संचालन किया।

घासीदास नगर की पार्षद ऊषा शर्मा, विनय शर्मा, स्व सहायता समूह की सुपरवाइजर पूनम यादव, किरण शर्मा सहित उनकी टीम तथा वार्डवासियों में हेमलता रामटेके, प्रमिला खोबरागड़े और सरोजिनी देवांगन का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा।

Share This Article