भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर निगम को नया आयुक्त मिल गया है। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 22 अक्टूबर को जारी आदेश में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुदेश कुमार सुंदरानी को भिलाई-चरोदा नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया है। वे फिलहाल नगरीय प्रशासन एवं विकास के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर में संयुक्त संचालक के पद पर पदस्थ थे। उन्हें आगामी आदेश तक प्रतिनियुक्ति पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त दशरथ सिंह भारद्वाज का बीते दिनों तबादला कर दिया गया था। उनके स्थानांतरण के बाद से निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति को लेकर प्रतीक्षा थी। शासन के ताजा आदेश से अब निगम के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी सुदेश सुंदरानी संभालेंगे।
अरुण साहू को रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी
शासन ने इसी आदेश में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ‘क’ वर्ग अरुण कुमार साहू की भी नई पदस्थापना की है। वे नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर में उप संचालक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, रायपुर में संयुक्त संचालक बनाया गया है।
आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारियों की पदस्थापना प्रशासनिक दृष्टि से समान सामर्थ्य, सेवा एवं निबंधनों के अधीन अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रतिनियुक्ति पर की गई है। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार अवर सचिव अजय तिर्की के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
निगम के लंबित कामकाज पर रहेगी नजर
भिलाई-चरोदा नगर निगम में आयुक्त की नई नियुक्ति के बाद अब प्रशासनिक कामकाज को गति देने की चुनौती रहेगी। निगम में कर्मचारियों के वेतन भुगतान सहित विभिन्न प्रशासनिक और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे पहले से चर्चा में रहे हैं। ऐसे में नए आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद इन मामलों में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/bhilai-charoda-municipal-corporation-gets-a-new-commissioner-sudesh-sundrani-will-take-charge/









