नेहरू नगर में प्रस्तावित ₹43 करोड़ के फ्लाईओवर का विरोध तेज, रेसिडेंशियल एसोसिएशन ने निर्माण रोकने की उठाई मांग

Editor
By Editor 3 Min Read

प्रेसवार्ता में कहा- हाईवे ओवरब्रिज और बाईपास से ट्रैफिक समस्या का समाधान, फिर आंतरिक फ्लाईओवर पर करोड़ों खर्च जनता के धन की बर्बादी; दुकानदारों और रहवासियों ने भी दिया समर्थन

भिलाई, नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर प्रस्तावित करीब ₹43 करोड़ की लागत वाले आंतरिक फ्लाईओवर के विरोध में रविवार को नेहरू नगर रेसिडेंशियल एसोसिएशन ने प्रेसवार्ता कर परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस परियोजना में स्थानीय नागरिकों की राय नहीं ली गई, न ही किसी प्रकार का सोशल ऑडिट कराया गया। उन्होंने इसे जनहित के बजाय सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि प्रस्तावित फ्लाईओवर मुख्य मार्ग पर स्थित मकानों के ठीक सामने बनाया जाना है, जिससे स्थानीय रहवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए सड़क पार करना कठिन होगा। साथ ही पूर्वी और पश्चिमी हिस्से के बीच पैदल आवागमन भी प्रभावित होगा। उनका कहना है कि फ्लाईओवर बनने से लोगों की निजता प्रभावित होगी तथा पर्यावरण, स्वास्थ्य और आजीविका पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।

प्रेसवार्ता में एसोसिएशन ने यह भी कहा कि क्षेत्र में पहले से मौजूद हाईवे ओवरब्रिज तथा बाईपास मार्ग ट्रैफिक के दबाव को कम करने में पर्याप्त हैं। ऐसे में आंतरिक मार्ग पर ₹43 करोड़ खर्च कर नया फ्लाईओवर बनाना न तो व्यावहारिक है और न ही इसकी आवश्यकता है। उन्होंने इसे करदाताओं के पैसे की अनावश्यक बर्बादी बताया।

वीडियो

एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि परियोजना से पहले स्थानीय नागरिकों की सहमति नहीं ली गई और न ही किसी प्रकार की जनसुनवाई या सामाजिक मूल्यांकन कराया गया। इस संबंध में संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है। एसोसिएशन ने प्रशासन से आग्रह किया कि स्थानीय जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए परियोजना से जुड़े सभी निर्माण कार्य और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए।

दुकानदारों और रहवासियों ने जताया समर्थन

प्रस्तावित फ्लाईओवर के विरोध में स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने भी अपना समर्थन दिया। विरोध स्वरूप दुकानदारों ने दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आधे शटर गिराकर सांकेतिक समर्थन दर्ज कराया, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासियों ने काली पट्टी बांधकर परियोजना के विरोध में एकजुटता दिखाई। एसोसिएशन का कहना है कि क्षेत्र की अधिकांश जनता इस फ्लाईओवर की आवश्यकता नहीं मानती और सर्वसम्मति से इसे निरस्त किए जाने की मांग कर रही है।

Link : https://shricgnewscreator.com/opposition-intensifies-against-the-proposed-%e2%82%b943-crore-flyover-in-nehru-nagar-residential-association-demands-a-halt-to-construction/

Share This Article