रेल लाइन क्रॉसिंग की जटिलताओं के कारण मार्ग में संशोधन
फरवरी से शुरू होगा निर्माण, पहले चरण में 6 किमी सड़क तैयार होगी
भिलाई–चरोदा। सिंचाई नहर किनारे प्रस्तावित केनाल रोड के रूट में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब यह सड़क डबरापारा से नहीं, बल्कि भिलाई-3 रेलवे कॉलोनी के अंतिम छोर से शुरू होगी। यह परिवर्तन भिलाई-3 से नंदिनी की ओर जाने वाली रेल लाइन के कारण आवश्यक हो गया। चरोदा क्षेत्र में यह मार्ग रेलवे कॉलोनी के अंतिम छोर से आगे बढ़ते हुए फोरलेन से जुड़ जाएगा।
बुधवार को नगर निगम को 29 करोड़ 71 लाख 53 हजार रुपये की स्वीकृति एवं राशि जारी होने का पत्र प्राप्त हो गया। एमआईसी की बैठक के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और फरवरी तक कार्य शुरू होने की संभावना है। परियोजना का कुल अनुमानित खर्च 48 करोड़ रुपये है। पहले चरण में लगभग 6 किमी लंबा केनाल रोड बनाया जाएगा।
पहले प्रस्ताव में था 9 किमी रोड का प्लान
नगर निगम ने प्रारंभिक प्रस्ताव डबरापारा से उरला दुग्ध डेयरी तक लगभग 9 किमी रोड का बनाया था। सर्वे के दौरान तकनीकी पहलुओं और नंदिनी रेल लाइन क्रॉसिंग की जटिलताओं को देखते हुए रूट में परिवर्तन कर इसे ऑयल डिपो के पहले तक सीमित किया गया। परियोजना को मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत मंजूरी प्रदान की गई है।
तोड़फोड़ नहीं होगी — डिजाइन में विशेष ध्यान
नहर किनारे कई स्थानों पर पेड़, आंगनबाड़ी भवन, वार्ड क्लिनिक, सामुदायिक भवन, सुलभ शौचालय और दुर्गा मंच मौजूद हैं। निगम ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान इन संरचनाओं को नुकसान न हो, इसके लिए ड्राइंग–डिजाइन में विशेष सावधानी बरती गई है। गांधी नगर, इंदिरा नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों को भी ध्यान में रखा गया है।
स्थानीय जनता को होगा सीधा लाभ
केनाल रोड बनने से भिलाई-3 से चरोदा तक दोपहिया व चारपहिया वाहनों को फोरलेन का विकल्प मिलेगा। स्थानीय यातायात का बड़ा हिस्सा इस नई सड़क पर डायवर्ट हो सकेगा, जिससे फोरलेन पर भीड़ कम होगी। इसके साथ ही सिरसा गेट पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।


