त्योहारों पर सतर्क रहेगी पुलिस: बाजारों में सुरक्षा, गश्त और निगरानी पर विशेष जोर
भिलाई, आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनज़र जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज, रामगोपाल गर्म (भापुसे) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, विजय अग्रवाल (भापुसे) द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस नियंत्रण कक्ष, भिलाई में सम्पन्न हुई, जिसमें जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में कुल 09 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें त्योहारों के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था, बीट प्रणाली को प्रभावी बनाना, अपराधों की विवेचना, गुंडा/निगरानी बदमाशों पर कार्यवाही तथा सायबर अपराधों की रोकथाम प्रमुख थे।
दीपावली एवं छठ पर्व के लिए विशेष निर्देश:
भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश।
संध्याकालीन गश्त बढ़ाने एवं सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के लिए दुकानदारों को समझाइश देने के निर्देश।
जुआ खेलने वालों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश।
मार्ग, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बीट प्रणाली को सशक्त करने के निर्देश:
समस्त थाना क्षेत्रों को बीट में विभाजित कर प्रत्येक बीट के लिए नामित प्रभारी एवं सहायक प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
बीट प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में गुंडा तत्वों, निगरानी बदमाशों व अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की गहन निगरानी करें।
बीट स्तर पर आम जनता की जानकारी हेतु प्रभारी अधिकारियों के मोबाइल नंबरों को सार्वजनिक स्थानों पर वाल पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों पर विशेष बल:
एक माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा समय पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु सख्त निर्देश दिए गए।
60/90 दिवस में चालान पेश करने, महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशील विवेचना, सायबर फ्रॉड तथा नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में सख्त कार्यवाही हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए।
गौ तस्करी, आर्म्स एक्ट, व आबकारी अधिनियम के तहत अधिकाधिक कार्यवाही करने के निर्देश।
विवेचना में ई-साक्ष्य एप एवं त्रिनयन/सशक्त एप के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया गया।
उच्चाधिकारियों की उपस्थिति:
बैठक में सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), एवं पद्मश्री तंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


