उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम उनके गृहग्राम मोरिद के मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान से किया गया
भिलाई। भिलाई चरोदा निगम के ग्राम मोरिद वार्ड निवासी पेमेन्द्र वर्मा (30 वर्ष) का निधन शुक्रवार की सुबह 11 बजे लंबी बीमारी के बाद हो गया। वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे, और परिजनों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पेमेन्द्र वर्मा, नगर निगम के पूर्व पार्षद एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी बलदाऊ वर्मा के सुपुत्र थे। पेमेन्द्र एक मिलनसार, सरल स्वभाव और संस्कारी युवा थे, जो हमेशा अपने आसपास के लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र शोकाकुल है।
उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम उनके गृहग्राम मोरिद के मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान से किया गया। अंतिम दर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पारिवारिक मित्र एकत्रित हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
पेमेन्द्र के पिता बलदाऊ वर्मा वर्षों से सामाजिक और जनकल्याण के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अपने पार्षद कार्यकाल में अनेक विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया और ज़रूरतमंदों की मदद के लिए सदैव आगे रहते हैं। इस दुखद घटना पर क्षेत्र के नागरिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति दें।