नौकरी के नाम पर ठगा, महिला ने धमकाया तो कर दी हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

हत्या सुपारी किलिंग का मामला निकला, जिसमें एक लाख रुपये की सुपारी देकर महिला की गला घोंटकर हत्या की गई

भिलाई। दुर्ग जिले के ग्राम टेमरी (नगपुरा) में 20 सितंबर को मिली एक महिला की पत्थर से कुचली लाश के मामले ने एक खौफनाक मोड़ ले लिया है। यह हत्या सुपारी किलिंग का मामला निकला, जिसमें एक लाख रुपये की सुपारी देकर महिला की गला घोंटकर हत्या की गई। पुलिस ने छह नामजद आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका की पहचान गंगोत्री उर्फ गंगा जांगड़े निवासी दादर, हाल पोटिया चौक दुर्ग के रूप में हुई। 19 सितंबर की रात वह धखाना खाने जा रही हूं कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद उसका शव टेमरी में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गंगोत्री दो युवकों के संपर्क में थी, जिन्हें वह विगत 7-8 माह से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे दे रही थी। जब काफी समय तक कोई नौकरी नहीं मिली तो उसने पैसे वापस मांगे और आरोपियों को शिकायत की चेतावनी दी। इससे घबराकर मुख्य आरोपी निर्भय जांगड़े ने गंगोत्री की हत्या की सुपारी दी और योजना को अंजाम दिया।


आरोपियों ने 19 सितंबर की रात आरोपी गंगोत्री को ढाबे में खाना खाने के बहाने अपने साथ ले गए। ग्राम टेमरी के सुनसान इलाके में ले जाकर निर्भय ने बेल्ट व चुनरी से गला घोंटा, फिर पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया। वारदात के बाद मृतका का मोबाइल, जेवर आदि लूट लिए गए। जेवर नकली होने पर उसे फेंक दिया गया।
हत्या की योजना वीडियो कॉल के जरिए बनाई गई थी, जिसमें हेमलता बंजारे भी शामिल थी। आरोपी ने हेमलता के खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर की थी। गंगोत्री के मोबाइल को निर्भय ने अपने पास रखा और कुछ अन्य आरोपियों को घटना की जानकारी देकर सबूत छिपाने में मदद ली।
गिरफ्तार आरोपियों में निर्भय जांगड़े (19), जालबांधा, खैरागढ़, जयदीप साहू (19) कातुलबोर्ड दुर्ग, मनीष बंजारे (19) आशा नगर दुर्ग, पवन कुमार सिंह, तातापानी कातुलबोर्ड, हेमलता बंजारे (38) कातुलबोर्ड एवं एक आरोपी नाबालिग है।

Share This Article