चीन और थाईलैंड के खिलाफ विशाल ने दागे गोल, भारत ने रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान

Editor
By Editor 2 Min Read

छत्तीसगढ़ के विशाल वाधवानी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव, भारतीय मूक-बधिर फुटबॉल टीम ने पहली बार विश्व चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

भिलाई, भिलाई-3 के निवासी विशाल वाधवानी ने भारतीय मूक-बधिर फुटबॉल टीम की ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। छत्तीसगढ़ से भारतीय टीम में शामिल एकमात्र खिलाड़ी विशाल ने भारत को पहली बार विश्व मूक-बधिर फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कराने में अहम योगदान दिया। भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित 5वीं एशिया-पैसिफिक मूक-बधिर फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 में हासिल की।

विशाल ने चीन के खिलाफ भारत की 2-1 की ऐतिहासिक जीत में एक महत्वपूर्ण गोल किया। मूक-बधिर फुटबॉल में चीन के खिलाफ भारत की यह पहली जीत थी। इससे पहले वर्ष 2011 में चीन ने भारत को 5-0 से हराया था। इसके बाद भारत ने मेजबान दक्षिण कोरिया के खिलाफ वॉकओवर के जरिए 3-0 से जीत दर्ज की। वहीं, थाईलैंड के खिलाफ भारत की 7-0 की शानदार जीत में भी विशाल ने एक गोल किया।

25 वर्षीय विशाल वाधवानी लेफ्ट विंगर के रूप में खेलते हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में फुटबॉल खेलना शुरू किया था। उन्होंने चारौदा रेलवे इंस्टीट्यूट के फुटबॉल मैदान में अपने खेल कौशल को निखारा। वे इंदौर में आयोजित प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़, दोनों राज्यों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

विशाल का चयन अब तक दो बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हो चुका है। वर्तमान भारतीय टीम में उनका चयन बेंगलुरु के खेलगांव के माध्यम से हुआ।

विशाल, भिलाई-3 निवासी गुरुमुखदास वाधवानी एवं दया वाधवानी के सुपुत्र हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से परिवार, खेल प्रेमियों और सिंधी समाज में हर्ष एवं गौरव का माहौल है। विशाल की सफलता ने न केवल भिलाई-3, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

Link : https://shricgnewscreator.com/vishal-scores-against-china-and-thailand-india-achieves-a-historic-milestone/

Share This Article