भिलाई-चरौदा ट्रांसपोर्ट नगर के भूखंडों की नीलामी में उमड़ी भीड़, बाजार मूल्य से 4 गुना तक लगी बोली

Editor
By Editor 3 Min Read

तीन दिवसीय नीलामी प्रक्रिया में व्यवसायियों ने दिखाई भारी रुचि, हथखोज क्षेत्र तेजी से बन रहा प्रदेश का बड़ा ट्रांसपोर्ट और औद्योगिक हब

भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित व्यवसायिक भूखंडों की नीलामी में गुरुवार को भारी उत्साह देखने को मिला। निगम कार्यालय में आयोजित नीलामी प्रक्रिया के दौरान शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यवसायी और निवेशक पहुंचे। निगम कार्यालय का हॉल लोगों से खचाखच भरा रहा।

निगम द्वारा 11 मई से शुरू की गई भूखंड नीलामी प्रक्रिया के तीसरे दिन 14 मई को निर्धारित सभी 13 भूखंडों पर शासकीय दर से तीन से चार गुना तक अधिक बोली प्राप्त हुई। सभी भूखंडों के लिए उच्चतम बोलीदाताओं का चयन कर प्राथमिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

नीलामी प्रक्रिया के दौरान निगम महापौर निर्मल कोसरे और निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत स्वयं मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर और हथखोज क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियों के तेजी से विस्तार के कारण निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।

भिलाई-चरौदा का ट्रांसपोर्ट नगर वर्तमान में प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित हो रहा है। भारी औद्योगिक इकाइयों और परिवहन व्यवसाय से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के चलते यहां व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि नीलामी में भूखंडों को लेकर व्यवसायियों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

निगम के संपदा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 11 मई को 15 भूखंडों का विक्रय हुआ था, जबकि 13 मई को 10 भूखंडों की बिक्री हुई। वहीं गुरुवार को सभी 13 भूखंडों पर अपेक्षा से कहीं अधिक बोली प्राप्त हुई।

महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि निगम परिवार की ओर से उन सभी ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और निवेशकों को शुभकामनाएं दी जाती हैं, जिन्हें नीलामी प्रक्रिया में भूखंड प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के विकास से क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।

निगम प्रशासन के अनुसार 11 मई से शुरू हुई नीलामी प्रक्रिया का समापन 15 मई को होगा। शेष बचे भूखंडों की नीलामी के लिए इच्छुक आवेदकों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे से पहले निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने कहा गया है।

Share This Article