संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने भिलाई-चरोदा निगम कर्मियों ने ली शपथ

Editor
By Editor 3 Min Read

संविधान दिवस पर भिलाई-चरोदा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने ली शपथ, एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प

न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का दिया संदेश, निगम के मंत्रणा स्थल पर हुआ सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम

भिलाई, संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को भिलाई-चरोदा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ ही संविधान के मूल्यों का पालन करने की शपथ ली। इस दौरान सभी ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

जिला प्रशासन दुर्ग से प्राप्त मार्गदर्शन एवं निगम आयुक्त एसके सुंदरानी के निर्देशानुसार 26 नवंबर को सुबह 11 बजे निगम के मंत्रणा स्थल पर सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें निगम के समस्त अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भारत के संविधान की प्रस्तावना और उसमें उल्लेखित उद्देश्यों को दोहराते हुए सभी ने संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वीडियो

शपथ के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा देश के प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने के आदर्शों के प्रति निष्ठा व्यक्त की। साथ ही विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसके मूल सिद्धांतों का सम्मान करना और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की भावना से ही समाज में आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता मजबूत होती है।

इस अवसर पर प्रभारी कार्यपालन अभियंता आलोक पसीने, सहायक अभियंता हेमंत साहू, उप अभियंता मुकेश चंद्राकर, प्रभाकर शुक्ला एवं केहर कुमार मरकाम, सहायक राजस्व अधिकारी अरुणिमा दुबे सहित राजू वर्मा, ललित चंद्राकर, कल्याणी शर्मा, सरोजनी यदु, अभिलाषा श्रीवास्तव, भागवत निर्मलकर, श्यामता साहू, यशवंत ठाकुर, चेतन देवांगन सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Link : https://shricgnewscreator.com/bhilai-charoda-municipal-employees-took-an-oath-to-internalize-the-values-of-the-constitution/

Share This Article