धमतरी, राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित (CGCDF) के डेयरी ब्रांड ‘देवभोग’ की ओर से ग्राम बोडरा (संबलपुर) में दो दिवसीय किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें धमतरी और बालोद जिले की करीब 100 दुग्ध सहकारी समितियों से लगभग 450 किसान शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने और उनके कार्यक्षेत्र का विस्तार करने से किसानों को दूध के विक्रय के लिए सुनिश्चित एवं लाभकारी बाजार मिलेगा। साथ ही ग्रामीण रोजगार, महिला आर्थिक सशक्तीकरण और डेयरी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने दुग्ध सहकारी समितियों के सचिवों और किसानों से उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में धमतरी जिले से ‘श्वेत क्रांति’ के आगाज का संकल्प लिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन दुग्ध सहकारी समितियों को कलेक्टर ने पुरस्कृत किया।
देवभोग के उप प्रबंध संचालक डॉ. सैकत सामंता ने राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महासंघ का लक्ष्य प्रदेश में दुग्ध क्रांति को गति देना है। किसानों को वैज्ञानिक पशुपालन, हरे चारे का उत्पादन, संतुलित पशु आहार, खनिज मिश्रण और स्वच्छ दूध उत्पादन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. अवधेश मरकाम और सरपंच सुमन प्रीतम साहू सहित अन्य मौजूद रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/a-pledge-to-launch-a-white-revolution-from-dhamtari-450-farmers-participated/








