तीन दिवसीय राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 80 खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण

Editor
By Editor 4 Min Read

प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी, प्रशिक्षक और रेफरी; किकबॉक्सिंग की विभिन्न विधाओं की तकनीकी बारीकियों से हुए रूबरू

भिलाई, छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 12 से 14 नवंबर तक डॉ. भीमराव आंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन, भिलाई-3 में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 80 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं रेफरी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को किकबॉक्सिंग की विभिन्न खेल विधाओं का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

शिविर के दौरान प्वाइंट फाइटिंग, लाइट कॉन्टैक्ट, किक लाइट, फुल कॉन्टैक्ट, लो किक, के-वन (K-1), म्यूजिकल फॉर्म्स एवं क्रिएटिव फॉर्म्स सहित टाटामी और रिंग स्पोर्ट्स की आधारभूत एवं उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। खिलाड़ियों को खेल के दौरान अपनाई जाने वाली तकनीकों, शारीरिक संतुलन, आक्रमण एवं बचाव के तरीकों का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

प्रशिक्षण शिविर का संचालन छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव आकाश गुरुदीवान के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान ऑफिशियल्स मयंक डड़सेना, सर्वर एक्का, अमन सोनी, वरुण बाग एवं सत्यम साहू ने प्रतिभागियों को विभिन्न खेल विधाओं की तकनीकी बारीकियों, खेल नियमों, प्रतियोगिता संचालन तथा रेफरी की जिम्मेदारियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

इस अवसर पर दुर्ग जिला प्रतिनिधि कुलदीप गुप्ता एवं कोच बी. शिवकुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के तकनीकी कौशल को बेहतर बनाना है। इसके साथ ही रेफरी एवं खेल अधिकारियों की दक्षता बढ़ाकर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयार करना भी शिविर का प्रमुख उद्देश्य है।

महापौर निर्मल कोसरे ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में सुजीत बघेल सहित सेंसई साजन जोसेफ, सेंसई कमलजीत सिंह, सेंसई सुल्तान शेख, सेंसई प्रमोद साहू एवं पार्षद दे साहब सहित खेल जगत से जुड़ी अन्य गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।

अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास के लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। इस तरह के आयोजन नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के साथ ही प्रदेश में खेलों का स्तर ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

तीन दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने खेल की तकनीकी बारीकियां सीखने के साथ अनुशासन, खेल भावना, टीमवर्क और अंतरराष्ट्रीय खेल नियमों की भी जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं रेफरी को आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन और प्रभावी भूमिका निभाने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रशिक्षकों, ऑफिशियल्स, प्रतिभागियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी प्रदेश में किकबॉक्सिंग खेल के तकनीकी विकास, खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने और खेल के विस्तार के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Link : https://shricgnewscreator.com/three-day-state-level-kickboxing-training-camp-concludes-80-athletes-received-training/

Share This Article