सीएम हेल्पलाइन में राशन कार्ड के लिए लगाई गुहार, कमिश्नर सुंदरानी ने आवेदिका से फोन पर की सीधी बात

Editor
By Editor 2 Min Read

ऑनलाइन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए हर शुक्रवार हो रही समय-सीमा की बैठक, कमिश्नर ने खाद्य विभाग से ली जानकारी और आवेदिका को दिया निराकरण का भरोसा

भिलाई, भिलाई-चरोदा नगर निगम में आम नागरिकों की समस्याओं और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी उद्देश्य से निगम में पिछले पौने एक माह से प्रत्येक शुक्रवार को समय-सीमा की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में जनदर्शन, पीजीएन पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त मांगों और शिकायतों की समीक्षा की जाती है।

शुक्रवार, 13 नवंबर को निगम कार्यालय में इस क्रम की तीसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त एक शिकायत पर कमिश्नर एसके सुंदरानी ने विशेष रुचि लेते हुए संबंधित खाद्य प्रभारी से प्रकरण की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्वयं अपने मोबाइल से आवेदिका  अमीन बंधे से संपर्क कर सीधे बातचीत की और उनकी समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कमिश्नर ने आवेदिका से संवाद करते हुए राशन कार्ड से संबंधित प्रकरण के निराकरण को लेकर उन्हें आश्वस्त किया। प्रशासनिक अधिकारी द्वारा स्वयं फोन कर शिकायतकर्ता से बात करने की इस पहल को नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही के रूप में देखा जा रहा है।

बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संबंधित विभाग आवेदकों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझें और शासन के नियमानुसार उनका समयबद्ध निराकरण करें।

निगम प्रशासन की इस व्यवस्था से आम नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

Link : https://shricgnewscreator.com/request-for-a-ration-card-made-via-the-cm-helpline-commissioner-sundarani-spoke-directly-with-the-applicant-over-the-phone/

Share This Article