भिलाई-चरौदा में छठ की तैयारियां तेज, पांच तालाबों का आयुक्त ने किया निरीक्षण
भिलाई, छठ महापर्व को देखते हुए भिलाई-चरौदा नगर निगम ने तालाबों और घाटों की साफ-सफाई की तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए निगम आयुक्त एसके सुंदरानी ने विभिन्न तालाबों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी प्रमुख तालाबों की सफाई समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त सुंदरानी ने गतवा, बंधवा और उमदा छठ तालाब के अलावा दादर तथा डबरापारा स्थित तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाबों के आसपास की स्वच्छता, घाटों की स्थिति और छठ पूजा के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व से पहले तालाबों और पूजा स्थलों की समुचित सफाई कराई जाए। घाटों के आसपास भी स्वच्छता बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
छठ पर्व पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु तालाबों में पहुंचकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसे देखते हुए आयुक्त ने सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान स्वच्छता प्रभारी बीनू वर्मा, पीआर विनय वर्मा, ताम्रध्वज साहू सहित निगम के सफाई विभाग का अमला मौजूद रहा।
Link : https://shricgnewscreator.com/municipal-corporation-gets-to-work-on-sprucing-up-chhath-ghats-commissioner-reviews-cleanliness-arrangements/








