खरीदारी कर सोमनी लौट रहा था करण वर्मा, हादसे में सिर पर आई गंभीर चोट; 15 दिन पहले हुआ था दादा का निधन
भिलाई, सिरसा गेट अंडरब्रिज में सोमवार सुबह सड़क हादसे में बुलेट सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम सोमनी निवासी करण वर्मा के रूप में हुई है। करण कालेज में पढ़ाई कर रहा था और दो भाइयों में छोटा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
भिलाई-3 पुलिस के अनुसार करण सोमवार सुबह अपनी बुलेट से भिलाई-3 आया था। यहां कुछ खरीदारी करने के बाद वह बाइक से अपने गांव सोमनी लौट रहा था। इसी दौरान सिरसा गेट अंडरब्रिज में उसकी बुलेट एक स्कूली बस से टकरा गई। टक्कर के बाद करण सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल करण को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों और बस से हुई टक्कर के परिस्थितियों की जांच कर रही है।
बताया गया है कि करण के पिता रामकिशन पुरेना स्थित एनएसपीसीएल पावर प्लांट में कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार करीब 15 दिन पहले ही करण के दादा का निधन हुआ था। ऐसे में हादसे में करण की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Link : https://shricgnewscreator.com/20-year-old-man-dies-after-his-bullet-motorcycle-collides-with-a-bus-at-the-sirsa-gate-underbridge/













