वेतन संकट से उबरा चरोदा निगम, कमिश्नर सुंदरानी के प्रयासों की कर्मचारी संघ ने की सराहना

Editor
By Editor 4 Min Read

कमिश्नर सुंदरानी ने संभाली निगम की कमान, दो माह का लंबित वेतन दिलाकर कर्मचारियों का जीता विश्वास

भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा के आयुक्त एस.के. सुंदरानी के कार्यों से प्रभावित होकर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ की चरोदा इकाई ने उनका अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। निगम में प्रशासनिक फेरबदल के बाद 23 अक्टूबर 2026 को आयुक्त का पदभार संभालने वाले सुंदरानी के सामने आर्थिक संकट से जूझ रहे निगम को पटरी पर लाने के साथ कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान की चुनौती थी। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने इस दिशा में त्वरित पहल की, जिसका सकारात्मक परिणाम कर्मचारियों को मिला है।

कर्मचारी संघ के अनुसार, निगम की आर्थिक स्थिति लंबे समय से खराब चल रही थी। स्थिति यह थी कि अधिकारियों को चार माह से वेतन नहीं मिल पाया था, वहीं कर्मचारियों का दो माह का वेतन लंबित था। इसके अलावा पार्षदों को भी छह माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ था। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में आयुक्त सुंदरानी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराया। इतना ही नहीं, 5 नवंबर 2026 को सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में अक्टूबर माह का वेतन भी पहुंच गया।

कर्मचारियों के लिए यह राहत इसलिए भी खास रही, क्योंकि दीपावली के दौरान उन्हें वेतन भुगतान के लिए किसी प्रकार का आंदोलन, नारेबाजी या प्रदर्शन नहीं करना पड़ा। कर्मचारी संघ के इकाई अध्यक्ष राम अवतार साहू ने कहा कि निगम भिलाई-चरोदा के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब दीपावली पर बिना किसी आंदोलन के कर्मचारियों को दो माह के लंबित वेतन की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने इसे आयुक्त की संवेदनशीलता और कर्मचारियों के प्रति सकारात्मक सोच का परिणाम बताया।

संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राम कुर्रे एवं महामंत्री अविनाश चंद्राकर ने भी आयुक्त एस.के. सुंदरानी की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयुक्त ने पदभार संभालने के बाद जिस तत्परता से कर्मचारियों की समस्याओं को समझा और उनके निराकरण की दिशा में कदम उठाए, उससे कर्मचारियों में विश्वास का माहौल बना है। कर्मचारियों के प्रति उनका अपनत्व और संवेदनशीलता सराहनीय है।

इस अवसर पर कर्मचारी संघ के सदस्य विकासचंद त्रिपाठी सहित सरोजनी यदु, अभिलाषा श्रीवास्तव, टी. कामेश्वरी, लिंगेश्वर राव, भागवत निर्मलकर, ममता मढरिया, सुशीला यादव, चुम्मन साहू, श्याम सुंदर सहित अन्य कर्मचारियों ने आयुक्त के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें आयुक्त सुंदरानी से उम्मीद थी कि वे कर्मचारियों के हित में ठोस निर्णय लेकर निगम को आर्थिक संकट से उबारने की दिशा में पहल करेंगे। उनके कार्यभार संभालने के बाद जिस तरह लंबित वेतन का भुगतान हुआ है, उससे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई कि आगे भी आयुक्त के नेतृत्व में निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।

Link : https://shricgnewscreator.com/charoda-municipal-corporation-overcomes-salary-crisis-employees-union-lauds-commissioner-sundaranis-efforts/

Share This Article