शहीद जवानों के परिजनों का जाना हालचाल, हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
दुर्ग, दीपावली के अवसर पर दुर्ग पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के बीच पहुंचकर सम्मान और आत्मीयता का संदेश दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 37 अधिकारी-कर्मचारियों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें दीपावली की शुभकामना भेंट प्रदान की गई और उनका कुशलक्षेम जाना गया।
इस दौरान डीआईजी एवं एसएसपी दुर्ग विजय अग्रवाल स्वयं शहीद आरक्षक आदेश के एसटीएफ कॉलोनी, सिंधिया नगर स्थित निवास, शहीद आरक्षक अवनी सिंह के नई पुलिस लाइन स्थित निवास तथा शहीद आरक्षक मनोज वर्मा के पांच बिल्डिंग स्थित निवास पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
जिले के अन्य शहीद परिवारों से नगर पुलिस अधीक्षकों, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों ने भी मुलाकात की।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए शहीद जवानों द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस विभाग शहीद परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है तथा उनके सुख-दुख में सहभागी रहेगा।
दुर्ग पुलिस ने कहा कि शहीद परिवार पुलिस विभाग का अभिन्न अंग हैं और उनके प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी हमेशा बनी रहेगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/durg-ssp-met-with-the-families-of-37-martyred-police-personnel-on-diwali-and-extended-his-best-wishes/








