अग्रवाल महिला समिति के आयोजन में करीब 40 महिलाओं ने लिया हिस्सा, बुके प्रतियोगिता में भी दिखी उत्साहपूर्ण भागीदारी
भिलाई, अग्रवाल सेवा समिति, अग्रवाल महिला समिति एवं युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भवन को देव दरबार की आकर्षक थीम पर सजाया गया। करीब 40 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न धामों और धार्मिक स्थलों की झांकीनुमा सजावट प्रस्तुत की। पूरे भवन में धार्मिक वातावरण के साथ भक्ति और संगीत की छटा देखने को मिली।
महिलाओं ने वृंदावन धाम, गोकुल धाम, अग्रोहा धाम, रणथंभौर गणेशजी, खाटू श्याम धाम, सालासर बालाजी, कैलाश धाम और झुंझुनू धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की थीम पर आकर्षक सजावट की। इसके साथ ही भजन, प्रश्नोत्तरी और अंताक्षरी का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया। प्रश्न-उत्तर और अंताक्षरी में भी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

खड़ी मसाले की बुके प्रतियोगिता ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान खड़ी मसाले से बुके सजाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें करीब 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। महिलाओं ने रसोई में उपयोग होने वाले विभिन्न मसालों और सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक बुके तैयार किए। प्रतिभागियों की कलात्मकता और सृजनात्मकता ने सभी का मन मोह लिया। साधारण घरेलू सामग्री से तैयार किए गए सुंदर बुके कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे।
50 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए विशेष रूप से ‘बत्ती बनाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि 80 से 85 वर्ष की उम्र की महिलाओं ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी सक्रियता और प्रतिभा का परिचय दिया।

देव दरबार संगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वृंदावन धाम, द्वितीय स्थान सालासर धाम और तृतीय स्थान राम दरबार ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
महिला समिति की देखरेख में हुआ आयोजन

कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाल महिला समिति की पूरी देखरेख में किया गया। समिति की अध्यक्ष संगीता नेमीचंद अग्रवाल, सचिव प्रेम कंवर तथा कार्यकारिणी की सदस्य उषा, संतोष, कविता, दीप्ति अग्रवाल, शारदा, लक्ष्मी, कुसुम, संगीता, प्रतिमा, अंजू, हंस कविता एवं प्रेमलता गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में संरक्षिकाओं ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आशा, बीना, माया और सरला ने विभिन्न प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, सचिव रतनलाल, सांस्कृतिक सचिव पवन अग्रवाल सहित अग्रवाल सेवा समिति एवं युवा मंच के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक एकजुटता के साथ महिलाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच मिलता है।
Link : https://shricgnewscreator.com/the-shrine-resonated-with-decorations-and-devotional-songs-women-showcased-their-creative-talent/













