भिलाई-3 महाविद्यालय में एगलेस बेकिंग क्लास का समापन, विद्यार्थियों ने सीखे केक बनाने और सजावट के गुर

Editor
By Editor 4 Min Read

डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय  में एगलेस बेकिंग क्लास का सफलतापूर्वक समापन

भिलाई, डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 के गृह विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के कौशल विकास, रचनात्मक क्षमता एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “Eggless Baking Class (Cake)” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन 29 सितम्बर  को किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को बेकिंग के क्षेत्र में व्यावहारिक जानकारी एवं तकनीकी कौशल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। समापन समारोह की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. भारती सेठी थीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान किए गए कार्यों का अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल सीखना भी आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि बेकिंग के क्षेत्र में कम संसाधनों के साथ भी छोटे स्तर पर कार्य प्रारंभ कर आय का साधन विकसित किया जा सकता है।

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. अल्पना देशपांडे, सहायक प्राध्यापक, गृह विज्ञान ने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कौशल-आधारित कार्यक्रम विद्यार्थियों की रचनात्मकता को विकसित करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को केवल केक बनाने की प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि सामग्री के चयन, मिश्रण तैयार करने, बेकिंग की प्रक्रिया, तापमान का ध्यान रखने, केक की सजावट तथा उसकी प्रस्तुति से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल का उपयोग भविष्य में स्वरोजगार के अवसर के रूप में करने के लिए प्रोत्साहित किया ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक एवं छात्र-मार्गदर्शक  मानसी देवांगन पूर्व गृह विज्ञान की छात्रा, ने विद्यार्थियों को एगलेस बेकिंग की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बिना अंडे के स्वादिष्ट एवं आकर्षक केक तैयार करने की विधि समझाई। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न प्रकार के केक तैयार किए और उनकी सजावट भी की। विद्यार्थियों को एगलेस केक, क्रीम केक एवं विभिन्न प्रकार के सजावटी केक तैयार करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता एवं पाक-कौशल का प्रदर्शन किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 से 29 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बेकिंग के क्षेत्र में आवश्यक व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ इसे स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि बेकिंग के कौशल का उपयोग घर से छोटे व्यवसाय के रूप में भी किया जा सकता है। समापन अवसर पर प्रशिक्षण में शामिल विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें बेकिंग की नई तकनीकों को सीखने और स्वयं केक तैयार करने का व्यावहारिक अवसर मिला। उन्होंने प्रशिक्षण को उपयोगी, रोचक एवं ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम के अंत में गृह विज्ञान विभाग द्वारा प्रशिक्षण से जुड़े सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया।

Link : https://shricgnewscreator.com/eggless-baking-class-concludes-at-bhilai-3-college-students-learn-the-tricks-of-cake-making-and-decoration/

Share This Article