पुलिस लाइन दुर्ग में 45 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को दी गई साक्ष्य आधारित विवेचना की जानकारी
दुर्ग, पुलिस लाइन दुर्ग के दधीचि प्रशिक्षण हॉल में 45 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के लिए विवेचना संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आपराधिक प्रकरणों की जांच को तथ्यात्मक, निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में महिला संबंधी अपराध, मर्ग जांच, गुम इंसान, शिकायत, आबकारी अधिनियम, समंस-वारंट तामीली, गिरफ्तारी वारंट और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से जुड़े प्रकरणों की विवेचना की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षुओं को घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, आसपास के लोगों के कथन, सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने के तरीके बताए गए।
तकनीकी विवेचना के तहत ई-साक्ष्य एप में आइडी निर्माण, ICJS से रिकार्ड प्राप्त करने और CCTNS में IF-11 फार्म अपडेट करने की जानकारी दी गई। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाहरी व आंतरिक परीक्षण से जुड़े तथ्यों को समझकर चिकित्सकीय साक्ष्यों को अन्य साक्ष्यों से जोड़ने का प्रशिक्षण दिया गया।
अपराध में प्रयुक्त हथियारों की खरीदी-बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की जांच में तकनीकी संसाधनों और GPRS डेटा के उपयोग पर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं से प्रत्येक प्रकरण में कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निष्पक्ष एवं साक्ष्य आधारित विवेचना सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पुलिस लाइन दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारी सहित 45 प्रशिक्षु उप निरीक्षक उपस्थित रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/training-ranging-from-crime-scene-inspection-to-the-collection-of-technical-evidence/













