कांग्रेस नेता ने रोड में भरे पानी में लगाई डुबकी, चरोदा में एक और रोड को लेकर राजनीति

Editor
By Editor 4 Min Read

भिलाई, भिलाई चरोदा में सड़क अब सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि सियासत का नया अखाड़ा बनती जा रही है। कुछ समय पहले दादर रोड को लेकर जमकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप हुए थे, अब हरीनगर वार्ड क्रमांक 20 और पंचशील नगर पश्चिम की जर्जर सड़क को लेकर सियासत शुरू हो गई है। इस बार कांग्रेस चरोदा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार ने सड़क के गहरे गड्ढे में नहाकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।

बरसात में गड्ढे में जमा पानी को ही उन्होंने विरोध का मंच बनाया और सड़क की बदहाली पर आक्रोश जताया। हालांकि प्रदर्शन का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि गड्ढे में उतरने वाले कांग्रेस नेता के निशाने पर अपनी ही पार्टी की नगर सरकार के बजाय भाजपा और वार्ड की भाजपा पार्षद अर्पणा दास गुप्ता रहीं।
विनोद कुमार का कहना है कि वार्ड की सड़क लंबे समय से जर्जर है और कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने भाजपा और पार्षद के प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाते हुए सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।

मगर यहां सियासत का गणित कुछ अलग ही कहानी कहता है। वार्ड क्रमांक 20 में पार्षद भाजपा की हैं, लेकिन भिलाई-चरोदा नगर निगम में सत्ता कांग्रेस की है और महापौर निर्मल कोसरे भी कांग्रेस से हैं। ऐसे में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष का भाजपा पार्षद को घेरना सवाल खड़े करता है। सड़क निर्माण और निगम की मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी नगर निगम की है, तो फिर अपनी ही पार्टी की नगर सरकार से जवाब मांगने के बजाय भाजपा पार्षद को निशाने पर लेना कितना तार्किक है, यह सवाल अब जनता के बीच भी उठ रहा है।

गड्ढा सड़क पर है, सत्ता निगम में कांग्रेस की है और निशाना भाजपा पर
चरोदा की राजनीति का यह नया फॉर्मूला है या जिम्मेदारी से बचने की कवायद? इसका जवाब राजनीतिक गलियारों में तलाशा जा रहा है।
वार्डवासियों से नगर निगम द्वारा टैक्स वसूले जाने का हवाला देते हुए कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जनता को सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। बारिश में सड़क की हालत ऐसी है कि पानी से भरे गड्ढों के कारण सड़क कम और तालाब ज्यादा नजर आती है।

वीडियो

दादर रोड के बाद अब हरीनगर की सड़क को लेकर शुरू हुई यह राजनीतिक जंग बताती है कि चरोदा में सड़कें बनें या न बनें, उन पर राजनीति जरूर बन रही है। सवाल यह है कि इस सियासी घमासान का फायदा आखिर जनता को कब मिलेगा?
विनोद कुमार का गड्ढे में नहाना सड़क की बदहाली की तस्वीर जरूर सामने लाता है, लेकिन कांग्रेस की नगर सरकार से भी जवाब मांगता है। जब महापौर कांग्रेस के, निगम की सत्ता कांग्रेस की और विकास कार्यों की जिम्मेदारी निगम की है, तो गड्ढे में उतरकर कांग्रेस नेता आखिर किसे जगा रहे हैं। भाजपा पार्षद को या अपनी ही सरकार को?

Link : https://shricgnewscreator.com/congress-leader-takes-a-dip-in-waterlogged-road-politics-erupts-over-another-road-in-charoda/

Share This Article