राजीव गांधी की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, जिला स्तरीय मजदूर सम्मेलन और सदस्यता अभियान तेज करने का निर्णय
रायपुर, 20 अगस्त असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (KKC) छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को राजधानी रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, असंगठित क्षेत्र के कामगारों को उनके अधिकार और सामाजिक सुरक्षा दिलाने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। पदाधिकारियों ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को स्मरण किया।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर के नेतृत्व में KKC के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज एवं संगठन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, प्रदेश में KKC की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में KKC के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. उदित राज के संगठनात्मक विजन पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकार दिलाने के उद्देश्य को छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले और गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश के असंगठित मजदूरों, निर्माण श्रमिकों, घरेलू कामगारों, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों सहित अन्य कामगार वर्ग से जुड़े लोगों के हितों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। संगठन ने इन वर्गों तक पहुंच बढ़ाने के लिए जिला स्तरीय मजदूर सम्मेलन आयोजित करने और सदस्यता अभियान को और गति देने का निर्णय लिया।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के कामगार बड़ी संख्या में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और संगठन के माध्यम से उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर काम किया जाएगा।
इस अवसर पर KKC प्रदेश कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी विनीत राम सूर्यवंशी ने बैठक से संबंधित जानकारी साझा की।
Link : https://shricgnewscreator.com/deliberations-on-organizational-expansion-and-workers-interests-at-the-kkc-state-executive-meeting/








