विभिन्न प्रकार के जल और प्राकृतिक द्रव्यों से हुआ अनूठा महा रुद्राभिषेक

Editor
By Editor 5 Min Read

अग्रवाल यूथ क्लब के आयोजन में भक्तिभाव से शामिल हुए अग्रबंधु, समाज अध्यक्ष बंशी अग्रवाल ने की आयोजन की सराहना

भिलाई, अग्रवाल यूथ क्लब की ओर से अग्रबंधुओं एवं श्रद्धालुओं के लिए आयोजित भव्य महा रुद्राभिषेक श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। आयोजन में भगवान भोलेनाथ का विभिन्न प्रकार के जल, प्राकृतिक द्रव्यों और पारंपरिक पूजन सामग्रियों से विशेष अभिषेक किया गया। बड़ी संख्या में अग्रबंधु सपरिवार शामिल हुए और भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं सर्वजन कल्याण की कामना की।

अलग-अलग द्रव्यों से किया गया अभिषेक

महा रुद्राभिषेक की खास बात यह रही कि भगवान शिव का अभिषेक केवल सामान्य जल से नहीं, बल्कि विभिन्न प्रकार के जल एवं पारंपरिक द्रव्यों से किया गया। जल, दूध, नीम के जल, दूब के जल, गन्ने के रस सहित अनेक सामग्रियों से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रत्येक सामग्री के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के साथ ही भगवान शिव को इनके अर्पण किए जाने की परंपरा की जानकारी भी दी गई।

मंत्रोच्चार और विधि-विधान से संपन्न हुए अभिषेक के दौरान पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।

‘जो हमारे लिए वेस्ट, वह भोलेनाथ के लिए बेस्ट’

आयोजन में भगवान शिव की पूजा के भाव और उनकी सरलता का संदेश भी श्रद्धालुओं को दिया गया। बताया गया कि भगवान भोलेनाथ की आराधना में बाहरी आडंबर से अधिक श्रद्धा, भावना और समर्पण का महत्व है। भस्म, धतूरा और बेलपत्र जैसी सामग्रियां, जिन्हें सामान्य जीवन में विशेष महत्व नहीं दिया जाता, भगवान शिव को प्रिय मानी जाती हैं।

इसी भाव को सहज तरीके से समझाते हुए कहा गया कि “जो हमारे लिए वेस्ट है, वह भोलेनाथ के लिए बेस्ट है।” भगवान शिव के इसी सरल, सहज और समभाव वाले स्वरूप को आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं के सामने रखा गया।

सच्ची भावना से प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ

कार्यक्रम में कहा गया कि भगवान शिव अपने भक्तों की सच्ची भावना और समर्पण से शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। इसी कारण वे देवों के देव महादेव होने के साथ ही भोलेनाथ के नाम से भी पूजे जाते हैं। शिव आराधना में किसी प्रकार के भेदभाव का स्थान नहीं है और भगवान शिव सभी को समान भाव से स्वीकार करते हैं।

बंशी अग्रवाल ने की आयोजन की सराहना

महा रुद्राभिषेक में अग्रवाल समाज के अध्यक्ष बंशी अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अग्रवाल यूथ क्लब की ओर से आयोजित इस अनूठे धार्मिक आयोजन की सराहना की।

उन्होंने अग्रवाल यूथ क्लब के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल एवं पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि युवाओं द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में उत्साह के साथ सहभागिता करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, संस्कार, आपसी सद्भाव और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अग्रवाल यूथ क्लब की पूरी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की शुभकामना दी।

सपरिवार शामिल हुए अग्रबंधु

आयोजन में बड़ी संख्या में अग्रबंधु सपरिवार शामिल हुए। मंत्रोच्चार, शिव आराधना और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि के साथ समाज एवं सर्वजन के कल्याण की प्रार्थना की।

महाप्रसादी का हुआ आयोजन

महा रुद्राभिषेक के समापन के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

अग्रवाल यूथ क्लब के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल एवं सेक्रेटरी मनीष अग्रवाल ने आयोजन में उपस्थित सभी अग्रबंधुओं, समाज के वरिष्ठजनों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से ही धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सफल और यादगार बनते हैं। उन्होंने भविष्य में भी समाजहित में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Link : https://shricgnewscreator.com/a-unique-maha-rudrabhisheka-performed-using-various-types-of-water-and-natural-substances/

Share This Article