10-15 लोगों को नौकरी लगाने का दिया था भरोसा, रकम लेने के बाद करने लगा टालमटोल; बैंक खाता और मोबाइल जब्त
भिलाई, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में लोको पायलट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5.30 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में उतई पुलिस ने 26 वर्षीय आरोपी चन्द्रप्रकाश साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी समेत करीब 10 से 15 लोगों को बीएसपी में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर अपने झांसे में लिया था। प्रार्थी से नौकरी लगवाने के नाम पर 5 लाख 30 हजार रुपये लेने के बाद जब नौकरी नहीं लगी और रकम वापस मांगी गई तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
पुलिस के अनुसार तालपुरी भिलाई नगर निवासी 39 वर्षीय दीपक कुमार देवदास ने 8 अगस्त को थाना उतई में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि ग्राम डुण्डेरा निवासी चन्द्रप्रकाश साहू ने स्वयं को बीएसपी में नौकरी लगवाने में सक्षम बताते हुए लोको पायलट के पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाया था। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए प्रार्थी ने नौकरी लगने की उम्मीद में उसे 5 लाख 30 हजार रुपये दे दिए।
नौकरी नहीं लगी तो रकम मांगने पर टालमटोल
रकम लेने के बावजूद आरोपी ने प्रार्थी की नौकरी नहीं लगवाई। काफी समय बीतने के बाद जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला सामने आने पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 416/2026 के तहत धारा 318(2) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।
संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पकड़ा
मामला दर्ज होने के बाद थाना उतई पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 9 अगस्त को चन्द्रप्रकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते और मोबाइल फोन को जब्त किया है। इनसे लेनदेन और अन्य लोगों से जुड़ी जानकारी की जांच की जा रही है।
10-15 लोगों को नौकरी लगाने का दिया था झांसा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने केवल प्रार्थी को ही नहीं, बल्कि अन्य करीब 10 से 15 लोगों को भी बीएसपी में लोको पायलट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर विश्वास में लिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी रकम ली है या नहीं। बैंक खाते और मोबाइल फोन की जांच के बाद ठगी के मामले में और तथ्य सामने आने की संभावना है।
न्यायालय में पेश किया गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले की विवेचना जारी है।
नौकरी के नाम पर रकम मांगने वालों से रहें सावधान
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, शासकीय नियुक्ति अथवा किसी अन्य लाभ का झांसा देकर रकम मांगने वाले व्यक्तियों को बिना सत्यापन पैसे न दें। नौकरी या नियुक्ति से संबंधित जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, आरक्षक राजीव दुबे, महेश यादव, ध्रुवनारायण चन्द्राकर, अजय देवांगन सहित थाना उतई के अन्य पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Link : https://shricgnewscreator.com/accused-arrested-for-swindling-%e2%82%b95-30-lakh-by-promising-a-job-as-a-loco-pilot-at-bsp/








