रायपुर में 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, खेत में मिला था 19 वर्षीय युवती का शव
रायपुर, राजधानी रायपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चार साल पुराने प्रेम संबंध में अविश्वास और लगातार हो रहे विवाद के चलते आरोपी ने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पानी से भरे खेत में फेंककर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक युवती का शव मिला था। सूचना पर खमतराई थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान युवती के गले पर दबाव के निशान मिले, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। बाद में मृतका की पहचान 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी करण तांडी (23) पर संदेह जताया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के सामने आने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चार वर्ष पहले दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे। बाद में अलग रहने के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा, लेकिन अविश्वास और विवाद लगातार बढ़ते गए।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त की शाम आरोपी ने युवती को मिलने के लिए डब्ल्यूआरएस कॉलोनी क्षेत्र बुलाया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले दुपट्टे से युवती का मुंह दबाया और फिर उसी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को पास के पानी से भरे खेत में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Link : https://shricgnewscreator.com/tragic-end-to-a-four-year-old-love-affair-lover-kills-young-woman-out-of-mistrust/








