प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग की अध्यक्षता में हुई बैठक, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने भी की सहभागिता
रायपुर, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी जरिता लैतफलांग ने की। बैठक में संगठन सृजन, संगठन को अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस अभिषेक बोरकर के प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश सचिव एवं जिला महामंत्री राम सूर्यवंशी शामिल हुए। उनके साथ जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा तथा लक्ष्मी नारायण मारकंडे ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, विभिन्न प्रकोष्ठों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर संगठन की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन को अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक मोर्चा एवं प्रकोष्ठ की सक्रिय भूमिका आवश्यक है और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में कांग्रेस की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया।
Link : https://shricgnewscreator.com/meeting-of-congress-wing-and-cell-chiefs-held-at-rajiv-bhavan-deliberations-focused-on-organizational-building-and-strengthening/








