अछोटी गांव में भीषण आग से मकान जलकर खाक, चार घंटे से अधिक मशक्कत के बाद पाया गया काबू

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग अग्निशमन की दो दमकलों ने समय रहते आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोका, जनहानि नहीं

दुर्ग, दुर्ग जिले के ग्राम अछोटी में गुरुवार को एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की दो दमकल वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अग्निशमन दल ने लगभग साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान आग को आसपास के मकानों और क्षेत्र में फैलने से भी रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार ग्राम अछोटी निवासी रामचरण के मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें देखते ही आसपास के लोगों ने अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर पहुंचने पर मकान पूरी तरह आग की चपेट में था और तेज लपटें उठ रही थीं।

अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे नियंत्रित करने में करीब साढ़े चार घंटे का समय लगा। टीम के सतत प्रयासों से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया और आग को आसपास के इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया।

वीडियो

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात माना जा रहा है। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि मकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है, जिसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश राउटे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल दल को तत्काल रवाना किया गया था। अग्निशमन कर्मियों ने साहस, सतर्कता और टीमवर्क का परिचय देते हुए आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

अभियान में अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी एवं घनश्याम यादव के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मचारी मनोज सोनवानी, नागेश मारकांडे, धर्मेंद्र बंजारे, पराग भोंसले, रामनाथ कुर्रे, जितेंद्र वर्मा तथा अनंत ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग ने टीम की त्वरित कार्रवाई और समन्वय की सराहना की है।

Link : https://shricgnewscreator.com/house-reduced-to-ashes-in-a-massive-fire-in-achhoti-village-blaze-brought-under-control-after-more-than-four-hours-of-strenuous-effort/

Share This Article