हाई स्कूल मैदान में होगा विशाल श्रद्धांजलि समारोह, हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना; वीआईपी आगमन को देखते हुए अस्थायी हेलीपैड सहित सभी व्यवस्थाएं पूर्ण
भिलाई, गनियारी (दुर्ग) लोककला और पंडवानी गायन की विश्वविख्यात साधिका, पद्म विभूषण तीजन बाई की स्मृति में मंगलवार, 14 जुलाई को उनके पैतृक गांव गनियारी में श्रद्धांजलि एवं दशगात्र कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। हाई स्कूल मैदान में होने वाले इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालुओं, लोक कलाकारों, साहित्यकारों, संस्कृति प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
श्रद्धांजलि समारोह के लिए हाई स्कूल मैदान में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। आगंतुकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा तथा यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और कला जगत की प्रमुख हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। वीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा अस्थायी हेलीपैड का भी निर्माण कराया गया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

नगर निगम भिलाई-चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि पद्म विभूषण तीजन बाई ने अपनी अद्भुत कला साधना से पंडवानी को देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में नई पहचान दिलाई। उनका जीवन लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित रहा। गनियारी में आयोजित श्रद्धांजलि एवं दशगात्र कार्यक्रम उनके प्रति जन-जन की श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक होगा।
(महापौर, नगर निगम भिलाई-चरोदा)
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को नमन करने का अवसर भी है। जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखते हुए शामिल हों तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि आयोजन गरिमापूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
Link : https://shricgnewscreator.com/a-heartfelt-tribute-will-be-paid-to-padma-vibhushan-teejan-bai-in-ganiyari-on-july-14-preparations-for-the-dashgatra-ceremony-are-complete/






