भिलाई इस्पात संयंत्र में बड़ा हादसा: ओवरहेड क्रेन पर काम के दौरान जूनियर एसोसिएट इंजीनियर की करंट लगने से मौत

Editor
By Editor 2 Min Read

यूआरएम विभाग के क्रेन मेंटेनेंस सेक्शन में तैनात 38 वर्षीय विनोद कुमार यादव हादसे का हुए शिकार, घटना के बाद संयंत्र प्रबंधन और पुलिस ने शुरू की जांच

भिलाई, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में रविवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में जूनियर एसोसिएट इंजीनियर विनोद कुमार यादव (38) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा यूआरएम (यूनिवर्सल रेल मिल) विभाग के क्रेन मेंटेनेंस सेक्शन में उस समय हुआ, जब वे ओवरहेड क्रेन पर मेंटेनेंस कार्य कर रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब चार बजे कार्य के दौरान विनोद कुमार यादव इलेक्ट्रिक शॉक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद विभाग में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक विनोद कुमार यादव यूआरएम विभाग के क्रेन मेंटेनेंस डिपार्टमेंट में जूनियर एसोसिएट इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनके असामयिक निधन की खबर से संयंत्र कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जानकारी ली। वहीं भट्ठी थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खामी, सुरक्षा प्रक्रिया में चूक या किसी अन्य कारण से हुआ।

संयंत्र प्रबंधन की ओर से भी पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Link : https://shricgnewscreator.com/major-accident-at-bhilai-steel-plant-junior-associate-engineer-dies-of-electrocution-while-working-on-an-overhead-crane/

Share This Article