एक ही जमीन कई लोगों को बेचने का झांसा, 8 लाख की ठगी करने वाले दंपती गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

पुलगांव पुलिस की कार्रवाई, रजिस्ट्री कराने के बजाय अलग-अलग लोगों से वसूली ब्याना राशि; मामले में अन्य पीड़ितों की भी जांच जारी

दुर्ग, भूमि विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक ही जमीन का सौदा कई लोगों से कर उनसे ब्याना और उधारी के नाम पर रकम वसूल ली। मामले की जांच में अब तक करीब 8 लाख रुपये की ठगी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोग भी ठगी के शिकार हुए हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम दमोदा निवासी नोकेश देशमुख और नेहा देशमुख ने ग्राम अंजोरा स्थित खसरा नंबर 615/10, प्लॉट नंबर-08 की जमीन बेचने का सौदा 5.50 लाख रुपये में किया था। सौदे के तहत प्रार्थी से ऑनलाइन और नकद माध्यम से 5.20 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा व्यवसायिक जरूरत बताकर प्रार्थी की माता से एनईएफटी के माध्यम से 2.80 लाख रुपये भी ले लिए गए।

पुलिस ने बताया कि कुल 8 लाख रुपये लेने के बावजूद आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। जब प्रार्थी ने भूइयां पोर्टल पर जमीन का रिकॉर्ड देखा तो पता चला कि संबंधित भूमि पहले से किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीबद्ध है।

जांच में खुला बड़ा खेल

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने इसी जमीन का सौदा दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा और दिनेश कुमार पाण्डे सहित अन्य लोगों से भी किया था और उनसे भी ब्याना राशि लेकर धोखाधड़ी की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड जब्त

पुलिस ने मामले में दस्तावेजी साक्ष्य और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े अभिलेख जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और धोखाधड़ी के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूमि की खरीद-फरोख्त से पहले संबंधित दस्तावेज, स्वामित्व और राजस्व रिकॉर्ड का पूरी तरह सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें।

Share This Article