डूमर में शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद युवक की सब्बल से हत्या, तालाब से बरामद हुआ हत्या में प्रयुक्त हथियार और आरोपी के कपड़े
भिलाई, 26 जून, नंदिनी नगर थाना पुलिस ने ग्राम डूमर में मिले अज्ञात युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी महज छह घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और त्वरित विवेचना के आधार पर हत्या का खुलासा किया। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्बल तथा घटना के समय पहने गए कपड़े एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को ग्राम डूमर के कोटवार ने सूचना दी कि गांव की पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन शरीर पर बने गोदना और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान ग्राम पथरिया निवासी 18 वर्षीय चेतन ठाकुर के रूप में की गई।
पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में घटना की कड़ियां जोड़ लीं। जांच में सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे गुरुवार रात एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।
सिर पर लगातार वार कर उतारा मौत के घाट
विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि विवाद बढ़ने पर देर रात करीब एक बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घटना में प्रयुक्त सब्बल और अपने खून से सने कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया।
एसडीआरएफ की मदद से तालाब से बरामद हुए अहम साक्ष्य
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब में सर्च अभियान चलाया गया, जहां से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और आरोपी के पहने हुए कपड़े बरामद कर जब्त किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
शराब के नशे में हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि हत्या का कारण शराब पीने के दौरान हुआ आपसी विवाद था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
आरोपी
- सोमनाथ उर्फ लालू यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर
- राहुल कुर्रे (22 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर
जब्त सामग्री
- हत्या में प्रयुक्त एक सब्बल
- घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े
पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई रही अहम
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को रिकॉर्ड समय में सुलझाने में नंदिनी नगर थाना प्रभारी सहित थाना स्टाफ की त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही। वहीं हत्या में प्रयुक्त हथियार और कपड़ों की बरामदगी में एसडीआरएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






