नेशनल हाईवे, सर्विस रोड और प्रमुख मार्गों को यातायात बाधामुक्त करने अभियान जारी, नो-पार्किंग में ई-चालान भी
भिलाई, शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने सड़क और सर्विस रोड पर अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस, सुपेला थाना और छावनी थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के वाहन हटाए जा रहे हैं और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस की ओर से नेशनल हाईवे, सर्विस रोड, प्रमुख बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही नगर निगम के सहयोग से दुकानों के सामने सड़क पर रखे सामान और अन्य अतिक्रमण को हटाकर सार्वजनिक मार्ग को यातायात के लिए खाली कराया जा रहा है।
सार्वजनिक मार्ग बाधित करने पर 9 के खिलाफ कार्रवाई
अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध उत्पन्न करने के मामलों में बीएनएस की धारा 152 के तहत 9 व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित थानों में कार्रवाई की गई। इनमें राजनांदगांव गांव निवासी बलविंदर सिंह, कैलाश नगर निवासी शानके श्रीवास्तव, बालोद निवासी मोईदीन खान, कैंप-1 भिलाई निवासी शैलेश कुमार साव, शास्त्री नगर निवासी इंदर लाल लहरे और रायपुर निवासी सन्नी कुमार साव शामिल हैं।
इसके अलावा ब्रिज के नीचे कंडम वाहन खड़ा कर मार्ग में अवरोध उत्पन्न करने वाले तीन वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक आवागमन के रास्ते में जानबूझकर अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
सड़क पर सामान रखने वालों को भी चेतावनी
यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सड़क अथवा सर्विस रोड पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। दुकानदारों से कहा गया है कि वे दुकानों के सामने सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान ऐसे सामान और अतिक्रमण को हटाया जा रहा है, जिससे सड़क की उपयोगी चौड़ाई बढ़े और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर ई-चालान
यातायात पुलिस ने बताया कि प्रमुख बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण अक्सर जाम और दुर्घटना की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की हिदायत दी जा रही है।
यातायात सुचारू रखने में सहयोग की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है, इसलिए उस पर अतिक्रमण अथवा किसी भी प्रकार का अवरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/obstruction-on-road-not-permissible-action-under-section-152-of-bns-against-9/








