सहायक शिक्षक-समग्र शिक्षक फेडरेशन ने अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जनगणना 2027 से जुड़े प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के हित में शीघ्र कार्रवाई की मांग
दुर्ग, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला इकाई दुर्ग ने जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य में संलग्न कर्मचारियों के लंबित मानदेय के भुगतान तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान कार्य करने वाले शिक्षकों को अनुपातिक अर्जित अवकाश प्रदान किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर दुर्ग वीरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
फेडरेशन के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि जिले के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी जनगणना कार्य में प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किए गए थे। उन्होंने निर्धारित समयावधि में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए मकान सूचीकरण एवं गणना संबंधी कार्य पूरे किए हैं। इसके बावजूद अब तक संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
ज्ञापन में फेडरेशन ने मांग की है कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लंबित बिलों का त्वरित निराकरण कर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों ने राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ पूरा किया है, इसलिए उनके वैधानिक देयकों का भुगतान समय पर किया जाना चाहिए।
फेडरेशन ने यह भी मांग की कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को उनके कार्य दिवसों के अनुपात में अर्जित अवकाश प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें उनके अतिरिक्त कार्य का उचित लाभ मिल सके। संगठन ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, जिला पदाधिकारी कमल वैष्णव, ब्लॉक अध्यक्ष पाटन चेतन सिंह परिहार तथा राहुल झा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






