दीपावली की भीड़ में बिछड़ा 4 वर्षीय मासूम, यातायात पुलिस ने मां से मिलाया

Editor
By Editor 3 Min Read

सुपेला चौक पर ड्यूटी कर रहे आरक्षकों ने रोते हुए बच्चे को लिया संरक्षण में, आकाशगंगा यातायात जोन की मदद से परिजनों तक पहुंचाया

भिलाई, दीपावली पर्व के दौरान बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर उमड़ी भीड़ के बीच सुपेला चौक पर अपने परिवार से बिछड़े चार वर्षीय मासूम को यातायात पुलिस की तत्परता से सकुशल उसकी मां से मिला दिया गया। ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षक भापेन्द्र साहू और अजय मंडावी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रोते हुए बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।

जानकारी के अनुसार, दीपावली के दौरान सुपेला चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे आरक्षक भापेन्द्र साहू एवं अजय मंडावी को लगभग चार वर्षीय एक बच्चा अकेले रोता हुआ दिखाई दिया। दोनों आरक्षकों ने तत्काल बच्चे को संभाला और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

इसके बाद यातायात जोन आकाशगंगा के माध्यम से बच्चे की पहचान मोहम्मद रिजवान, पिता मुख्तार कुरैशी, निवासी लक्ष्मी मार्केट सुपेला के रूप में हुई। पुलिसकर्मियों ने बच्चे की मां पिंकी बेगम से संपर्क किया और आवश्यक जानकारी की पुष्टि के बाद मासूम को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

काफी देर से अपने बच्चे की तलाश कर रही मां पिंकी बेगम ने उसे सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली। उन्होंने आरक्षक भापेन्द्र साहू, अजय मंडावी सहित यातायात पुलिस और समस्त पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

भीड़भाड़ में बच्चों का रखें विशेष ध्यान

यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों पर बच्चों को अकेला न छोड़ें तथा उनका हाथ पकड़कर रखें, ताकि वे भीड़ में परिवार से बिछड़ न जाएं। पुलिस ने कहा है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

Link : https://shricgnewscreator.com/4-year-old-child-gets-separated-in-the-diwali-crowd-traffic-police-reunite-him-with-his-mother/

Share This Article