सजगता और सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा, डीआरएम ने सूर्याराव को किया सम्मानित

Editor
By Editor 4 Min Read

पावर हाउस मे फिश प्लेट के निकले बोल्टों पर पड़ी नजर, तत्पर सूचना से टला संभावित बड़ा रेल हादसा

भिलाई/रायपुर, एक सजग नागरिक की तत्परता और जिम्मेदारी के चलते संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। पावर हाउस रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर फिश प्लेट के बोल्ट निकले होने की गंभीर स्थिति की समय पर जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर ट्रैक की मरम्मत कराई और संभावित हादसे को टाल दिया। जनहित और रेल सुरक्षा के प्रति दिखाई गई इस सतर्कता के लिए संबंधित नागरिक को रेलवे प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया गया।

जानकारी के अनुसार 22 मई को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते समय टी. सूर्याराव की नजर फिश प्लेट के निकले हुए बोल्टों पर पड़ी। रेलवे ट्रैक की यह स्थिति बेहद संवेदनशील थी, क्योंकि इससे गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती थी और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका थी।

वीडियो : रेलवे ट्रैक पर फिश प्लेट के निकले हुए बोल्ट

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए टी. सूर्याराव ने बिना समय गंवाए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अवधेश कुमार त्रिवेदी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही  त्रिवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने के निर्देश जारी किए।

इसके बाद रेलवे के तकनीकी और इंजीनियरिंग विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रैक का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया। फिश प्लेट के बोल्टों को पुनः सुरक्षित तरीके से लगाया गया तथा ट्रैक की तकनीकी जांच पूरी की गई। सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने के बाद ही संबंधित लाइन पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू किया गया।

सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि समय पर सूचना मिलने से रेलवे प्रशासन को तत्काल कदम उठाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यदि यह जानकारी समय रहते नहीं मिलती तो किसी बड़ी रेल दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था। मामले की पूरी जानकारी रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद को भी दी गई।

रेल सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने और जनहित के प्रति जिम्मेदारी का परिचय देने पर रेलवे प्रशासन रायपुर द्वारा टी. सूर्याराव को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान रेलवे वाणिज्यिक विभाग के निरीक्षक बाबूराव टाटा, कलिंगा समाज रायपुर के अध्यक्ष जगदीश्वर राव तथा विष्णु केमिकल भिलाई के वाइस प्रेसिडेंट एम.वी. राव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

रेलवे अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर या रेल संचालन से जुड़ी किसी भी संदिग्ध अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे प्रशासन को दें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।

सतर्कता बनी सुरक्षा की ढाल।                                   रेलवे अधिकारियों के अनुसार रेल सुरक्षा केवल रेलवे कर्मचारियों की ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता से भी मजबूत होती है। टी. सूर्याराव द्वारा दिखाई गई सजगता इसका उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसने हजारों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share This Article