13 अगस्त तक आवागमन रहेगा प्रतिबंधित, कर्मचारियों व विद्यार्थियों को करना होगा लंबा सफर
भिलाई, रेलवे प्रशासन द्वारा सिरसा रेलवे अंडरब्रिज पर आवश्यक संधारण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराए जाने के कारण 29 जून से 13 अगस्त तक इस मार्ग को पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। करीब डेढ़ महीने तक अंडरब्रिज से किसी भी प्रकार का यातायात संचालित नहीं होगा। इससे भिलाई एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को आवागमन में अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अंडरब्रिज की संरचनात्मक सुरक्षा और मजबूती बनाए रखने के लिए मरम्मत कार्य आवश्यक हो गया है। इसके चलते 29 जून की सुबह 8 बजे से 13 अगस्त की शाम 6 बजे तक अंडरब्रिज को यातायात के लिए पूर्णतः बंद रखा जाएगा।
अंडरब्रिज बंद होने का सबसे अधिक असर रेलवे के पीपी यार्ड, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) तथा एनएसपीसीएल में कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों पर पड़ेगा। उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जी केबिन-चरोदा मार्ग सहित अन्य वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा। इन मार्गों से दूरी तीन से पांच किलोमीटर तक बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों का समय और ईंधन दोनों अधिक खर्च होंगे।
कार्यालय सहायक मंडल इंजीनियर भिलाई संजय कुमार ने इस संबंध में यातायात पुलिस दुर्ग को पत्र जारी कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। पत्र में बताया गया है कि संधारण कार्य की अवधि के दौरान यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो।
रेलवे प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कार्य पूर्ण होने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि संधारण कार्य पूरा होने के बाद अंडरब्रिज पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।






